Jamshedpur (Jharkhand) : जुगसलाई थाना क्षेत्र के नया बाजार राम टेकरी रोड, फिरंगी चौक के पास एक मकान में चोरों ने बड़ी चोरी (Jugsalai Theft) की वारदात को अंजाम दिया है। चोर यहां से करीब 25 लाख रुपये मूल्य के गहने और नकदी लेकर फरार हो गए। इस मामले में मकान मालिक अमृतपाल सिंह ने जुगसलाई थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
बताते हैं कि अमृतपाल सिंह के घर शादी का कार्यक्रम चल रहा था, जिस वजह से बड़ी संख्या में मेहमान आए हुए थे। इसी का फायदा उठाकर मंगलवार देर रात करीब 2 बजे अज्ञात चोर घर में घुसे और अलमारी में रखे कीमती गहनों व नकदी पर हाथ साफ (Jugsalai Theft) कर दिया।
चोरी गए सामानों में सोने के 60 ग्राम के दो कड़े, 30 ग्राम की दो अंगूठियां, 20 ग्राम की सोने की चेन, 5 ग्राम का लॉकेट, 40 ग्राम की चार जोड़ी बालियां, 150 ग्राम की चांदी की 12 चूड़ियां, 10 हजार रुपये कीमत की दो घड़ियां और 30 हजार रुपये नकद शामिल हैं।
एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज भी मिला है, जिसमें चोर चोरी के इरादे से घर में जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें – एसीसी ने बरही के ठेकेदार की दिहाड़ी मजदूर से प्लेटिनम ठेकेदार बनने की प्रेरक यात्रा का जश्न मनाया
जमशेदपुर में बढ़ती चोरी की घटनाएं चिंता का विषय
इन दिनों जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में चोरी की घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। हालांकि पुलिस कई मामलों में त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को जेल भेज रही है, लेकिन चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं।




