Jamshedpur : झारखंड के जमशेदपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की (Jamshedpur Ganja Smuggling) है। आजादनगर थाना क्षेत्र के एनएच-33 स्थित पारडीह में दादा गैरेज के पास छापेमारी कर पुलिस ने दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 17 पैकेट में कुल 23.940 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया (Jamshedpur Ganja Smuggling) है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, गांजे की इस खेप को बिहार ले जाने की तैयारी थी।
शनिवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब को गुप्त सूचना मिली थी कि एनएच-33 के रास्ते गांजे की बड़ी खेप बिहार भेजी जाने वाली है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पटमदा डीएसपी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने पारडीह स्थित दादा गैरेज के पास कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध युवकों को तीन बैग के साथ पकड़ा। बैग की तलाशी लेने पर गांजे के 17 पैकेट मिले।
दो आरोपितों के पास से अलग-अलग मात्रा में गांजा बरामद
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान संतोष कुमार उर्फ संतोष लोधी (20) और पूटलू भूमिज (37) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, संतोष कुमार के पास से गांजे के 12 पैकेट बरामद किए गए, जिनका कुल वजन 15.450 किलोग्राम है। इसके अलावा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1200 रुपये नकद भी मिले।
वहीं, दूसरे आरोपी पूटलू भूमिज के पास से गांजे के पांच पैकेट बरामद हुए। इनका कुल वजन 8.490 किलोग्राम है। उसके पास से 1000 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
न्यायिक हिरासत में भेजे गए दोनों आरोपी
पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। सिटी एसपी ललित मीणा ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
इसे भी पढ़ें – Ranchi News : झारखंड की जेलों में 85 बंदी कर रहे छठ, महिला और पुरुष कैदियों के लिए प्रशासन ने किए विशेष इंतजाम




