Jamshedpur : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता रघुवर दास ने (Jamshedpur BJP) बिस्टुपुर स्थित जमशेदपुर परिसदन में प्रेस वार्ता कर झामुमो-कांग्रेस-राजद गठबंधन सरकार पर कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि झारखंड में जनता की नहीं, बल्कि माफियाओं की सरकार चल रही है।
रघुवर दास ने आरोप लगाया कि पूरे राज्य में कोयला, पत्थर, शराब और बालू माफिया का सिंडिकेट सक्रिय है और यही सिंडिकेट सरकार चला रहा है। अधिकारी राजनीतिकरण की चपेट में हैं, ट्रांसफर-पोस्टिंग बोली लगाकर तय हो रही है। उन्होंने तंज कसा—“जैसे होटल में मेन्यू कार्ड पर रेट लिखा होता है, वैसे ही इस सरकार में थाना, एसपी, डीसी और बीडीओ तक की रेट लिस्ट फिक्स है।” (Jamshedpur BJP)
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर में हर तरफ सरकार की आमद का धूमधाम से मना जश्न+VDO
उन्होंने कहा कि औद्योगिक राजधानी जमशेदपुर अपराधियों के शिकंजे में है। व्यापारियों में डर है, दिनदहाड़े लूट और हत्या आम हो चुकी है। रांची, दुमका और हजारीबाग तक अपराधियों का आतंक फैला है। डॉक्टर, व्यापारी, वकील और पत्रकार तक असुरक्षित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध कोयला खनन की रिपोर्ट लिखने वाले पत्रकार पर माफियाओं ने हमला किया और अब उसे फर्जी केस में फंसाया जा रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा—“हमारी सरकार में अपराधियों में खौफ था, लेकिन आज अधिकारी कहते हैं कि ऊपर तक चढ़ावा देकर आए हैं, जाओ जहां शिकायत करनी है करो। यह सरकार करप्शन और कमीशन में पूरी तरह डूब चुकी है।”
भाजपा निभा रही सकारात्मक विपक्ष की भूमिका
रघुवर दास ने कहा कि भाजपा जनता को जागरूक कर रही है। हालात नहीं सुधरे तो सड़क पर उतरकर आंदोलन भी किया जाएगा। घाटशिला उपचुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि जनता सरकार की नाकामियों को देख रही है और इस बार कड़ा जनादेश देगी।
नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी सुधार को रघुवर दास ने बताया ऐतिहासिक, कहा- आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था की दिशा में मील का पत्थर
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने प्रेस वार्ता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी सुधार के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि यह कदम आम जनता, व्यापारियों और उद्योगों के लिए बड़ी राहत है। उन्होंने बताया कि कपड़े और रेडीमेड गारमेंट्स पर जीएसटी 12% से घटाकर 5% कर दिया गया है। जूते, किराना सामान, दवाइयां, मोटरसाइकिल, छोटी कारें, कृषि उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक्स और सीमेंट सहित कई वस्तुओं पर टैक्स कटौती की गई है। इससे जनता की क्रय शक्ति बढ़ेगी, उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि झारखंड जैसे राज्य के लिए यह सुधार विकास का वरदान साबित होंगे और आने वाले 25 वर्षों में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का मजबूत आधार तैयार करेंगे।




