सीबीआई जांच की मांग पर 10 और 17 नवंबर को निकलेगा मशाल जुलूस, 11 नवंबर को आदिवासी महिलाएं करेंगी कैंडल मार्च
Ranchi : आदिवासी नेत्री निशा भगत को न्याय दिलाने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग को लेकर भाजपा अनुसूचित जनजाति (एसटी) मोर्चा ने आंदोलन तेज करने का फैसला किया (Ranchi Nisha Bhagat Case) है। मोर्चा ने इसके तहत 18 नवंबर को दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल बंद का आह्वान किया है। इससे पहले 10 और 17 नवंबर को अलग-अलग क्षेत्रों में मशाल जुलूस निकाला जाएगा, जबकि 11 नवंबर को आदिवासी महिलाएं कैंडल मार्च निकालकर विरोध दर्ज कराएंगी।
भाजपा एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो ने सोमवार को रांची स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेस वार्ता कर आंदोलन की घोषणा की। उन्होंने कहा कि निशा भगत का मामला केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आदिवासी समाज के सम्मान, अस्मिता और न्याय से जुड़ा हुआ है। जब तक मामले की सीबीआई जांच की अनुशंसा नहीं होती और दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी ( Ranchi Nisha Bhagat Case) रहेगा।
टोप्पो के मुताबिक, 10 नवंबर को रांची महानगर, रांची पूर्वी, रांची पश्चिमी, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और खूंटी में मशाल जुलूस निकाला जाएगा। 11 नवंबर को आदिवासी महिलाएं कैंडल मार्च के माध्यम से निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग उठाएंगी। इसके बाद 17 नवंबर को सभी संगठनात्मक मंडलों में मशाल जुलूस निकाला जाएगा। आंदोलन के अगले चरण में 18 नवंबर को दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल बंद कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इससे पहले सात नवंबर को राज्य के सभी 595 संगठनात्मक मंडलों में प्रदर्शन और पुतला दहन किया गया था। इस दौरान भी निशा भगत मामले की सीबीआई जांच की मांग उठाई गई थी।
प्रेस वार्ता में मौजूद पूर्व विधायक रामकुमार पाहन ने कहा कि आदिवासी बेटियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने मामले में किसी तरह की पक्षपातपूर्ण कार्रवाई की आशंका दूर करने के लिए सीबीआई जांच को जरूरी बताया।
वहीं, भाजपा प्रवक्ता आरती कुजूर ने आदिवासी महिलाओं, युवाओं और सामाजिक संगठनों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि न्याय और आदिवासी समाज के सम्मान से जुड़े इस मुद्दे पर सभी को एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए।
भाजपा नेताओं ने 18 नवंबर को प्रस्तावित बंद को शांतिपूर्ण और सफल बनाने की अपील की। प्रेस वार्ता में अशोक बड़ाईक, पिंकी खोया, रवि मुंडा, रेणु तिर्की और मुकेश भगत समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।




