Home > Education > आदित्यपुर में सीएम बोले – चार साल में झारखंड को मिलेंगे 20 मेडिकल कॉलेज, आदित्यपुर में नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन

आदित्यपुर में सीएम बोले – चार साल में झारखंड को मिलेंगे 20 मेडिकल कॉलेज, आदित्यपुर में नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन

Jamshedpur : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज (Adityapur Medical College) का विधिवत उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार झारखंड में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। आने वाले चार वर्षों में झारखंड में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 10 से बढ़ाकर 20 कर दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज (Adityapur Medical College) में एमबीबीएस (यूजी) की 100 सीटें उपलब्ध हैं और इसके साथ 650 बेड का आधुनिक अस्पताल भी संचालित होगा। वर्तमान में झारखंड में 10 मेडिकल कॉलेज हैं, जबकि चाईबासा, कोडरमा और बोकारो में तीन नए मेडिकल कॉलेज निर्माणाधीन हैं। इसके अलावा पीपीपी मोड पर चार मेडिकल कॉलेजों की स्वीकृति प्रक्रिया चल रही है, जिन्हें जल्द मंजूरी मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

गौरतलब है कि इन दिनों शिक्षण संस्थान फायदे का सौदा हैं। मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेज में खूब कमाई हो रही है। इसलिए, नए निजी मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं। शिक्षा इन दिनों बेहतर कारोबार है। इसमें खूब निवेश हो रहा है। हालात यह हैं कि एक औसत कमाई वाला परिवार अपने बच्चों को मेडिकल या इंजीनियरिंग कॉलेज में नहीं पढ़ा सकता।

सरायकेला के लिए ऐतिहासिक दिन

सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि सरायकेला के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है। नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज में पहले बैच की पढ़ाई शुरू हो चुकी है और अब इसका औपचारिक उद्घाटन हुआ है। उन्होंने छात्रों से कहा कि जब वे डॉक्टर बनकर निकलेंगे, तब समाज उनसे बड़ी उम्मीदें रखेगा और उन्हें उन उम्मीदों पर खरा उतरना होगा।

झारखंड में बढ़ेंगी मेडिकल सुविधाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में मेडिकल सुविधाओं को और बेहतर करने के लिए लगातार मंथन किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की समस्याओं को चिन्हित कर उनका समाधान किया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस तरह के मेडिकल कॉलेज अन्य जिलों में भी खुलेंगे।

नर्सिंग कॉलेजों की संख्या भी बढ़ेगी

सीएम ने बताया कि झारखंड में वर्तमान में 200 से अधिक नर्सिंग कॉलेज हैं और आने वाले दिनों में इनकी संख्या और बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि सरायकेला में मेडिकल कॉलेज खुलना उनकी इच्छा थी, जो अब पूरी हो गई है।

इसे भी पढ़ें – आजादनगर में महिला से छिनतई का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, एक किशोर हिरासत में

थैलेसीमिया और सिकल सेल मरीजों का होगा सर्वे

स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड में सिकल सेल और थैलेसीमिया मरीजों का सर्वे कराया जाएगा, ताकि जिलेवार आंकड़े सामने आ सकें। इसके बाद राज्य में ही इन मरीजों के इलाज की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि झारखंड में जल्द एक हाइटेक लैब खोलने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से बातचीत की जाएगी। साथ ही ग्रामीण इलाकों में 740 अबुआ स्टोर खोले जाएंगे।

यूजी और पीजी सीटें बढ़ाने पर जोर

स्वास्थ्य सचिव अजय सिंह ने कहा कि झारखंड में डॉक्टरों की भारी कमी है। वर्तमान में यहां करीब 60 हजार लोगों पर एक डॉक्टर है। सरकार का लक्ष्य मेडिकल कॉलेजों में यूजी सीटों को 1230 से बढ़ाकर 2600 और पीजी सीटों को 245 से बढ़ाकर 750 करना है। उन्होंने नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज में भी आने वाले चार वर्षों में सीटें बढ़ाने का सुझाव दिया।

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

उद्घाटन कार्यक्रम में सिंहभूम की सांसद जोबा मांझी, घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन, जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी और खरसावां विधायक दशरथ गागराई सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। कार्यक्रम में काफी अव्यवस्था थी।

You may also like
Jamshedpur News: कदमा का 50 बेड वाला धनवंतरी आयुष अस्पताल जल्द होगा शुरू, DC ने दिए आदेश
Jamshedpur Police: ‘जोहार पुलिस’ चैटबॉट शुरू, WhatsApp पर घर बैठे मिलेंगी कई सेवाएं+VDO
सिरोमन सिंह अकैडमी में स्वर्गीय ठाकुर सिरोमन सिंह की 26वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा
रघुवर दास ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से की मुलाकात, संताली की ओलचिकी लिपि में पाठ्य सामग्री प्रकाशित करने का आग्रह

Leave a Reply