Jamshedpur (Jharkhand) : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र स्थित मिश्रा बागान में 8 मई की रात हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह फायरिंग (Telco Firing) पुरानी रंजिश और बदले की भावना में की गई थी। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से हथियार और जिंदा कारतूस बरामद (Telco Firing) किए हैं।
पुलिस के अनुसार, इस घटना के पीड़ित संदीप पांडेय पर आरोप है कि उन्होंने कुछ दिन पहले मिश्रा बागान निवासी फुचू उर्फ रितेश कुमार सिंह के साथ मारपीट कर उसके हाथ-पैर तोड़ दिए थे। इसी घटना का बदला लेने के उद्देश्य से फायरिंग की साजिश रची गई।
इस मामले में टेल्को थाना में 9 मई को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। मानवीय और तकनीकी सूचना के आधार पर पुलिस ने 9 और 10 मई की रात जैम्को से सलगाझड़ी फाटक जाने वाली कच्ची सड़क के पास बिरसा मुंडा प्रतिमा के समीप बनी झोपड़ी में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने प्रेमनगर रोड नंबर-1 निवासी 29 वर्षीय सोनू झा और जैम्को मिश्रा बागान निवासी 29 वर्षीय रितेश कुमार सिंह उर्फ फुचू को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त 7.65 बोर का देशी पिस्तौल, तीन जिंदा गोली, गोली का एक खोखा और एक मोबाइल फोन बरामद किया।
पूछताछ में सोनू झा ने पुलिस को बताया कि वह सहरसा टाउन से करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित इलाके से अवैध हथियार खरीदकर लाता था और उसकी बिक्री करता था। उसने पुलिस को यह भी बताया कि पहले उसने कदमा थाना क्षेत्र निवासी मनोज कुमार को भी हथियार बेचा था, जो हत्या जैसे गंभीर मामलों का आरोपी रह चुका है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक सोनू झा पहले भी बिष्टुपुर थाना के चर्चित हत्याकांड मामले में जेल जा चुका है। फिलहाल पुलिस हथियार तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और पूरे गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। इस मामले में फरार आरोपियों में महेश मिश्रा, राहैश सिंह केकड़ा, राहुल, सौरभ सिंह छपड़ा, अमन फरार हैं। एक अज्ञात पर भी एफआईआर है।
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर में ब्राउन शुगर पकड़े जाने से पहले ही उड़ा दिया था माल, 175 पुड़िया के साथ पांच गिरफ्तार+VDO
बरामद सामान
* 7.65 बोर का एक देशी पिस्तौल
* तीन जिंदा गोली
* गोली का एक खोखा
* एक मोबाइल फोन




