Jamshedpur : झारखंड के जमशेदपुर में सोमवार देर रात पुलिस और कुख्यात प्रिंस खान गैंग के गुर्गों के बीच मुठभेड़ (Jamshedpur Prince Khan Encounter) हो गई। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह में के टू इलाके में बारीडीह हाईस्कूल के पीछे टिनप्लेट कंपनी के खाली पड़े क्वार्टर में हुई इस मुठभेड़ (Jamshedpur Prince Khan Encounter) में गैंग का शूटर रवि महानंद उर्फ गोपाल गोली लगने से घायल हो गया। उसके दाहिनी टांग में गोली लगी है। पुलिस ने घायल बदमाश को हिरासत में लेकर एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया है। इस मुठभेड़ में बदमाश ने पुलिस पर दो फायर किए। वह तीसरा फायर भी करने जा रहा था। लेकिन गोली पिस्टल में फंस जाने की वजह से कामयाब नहीं रहा। पुलिस ने जवाब में एक फायर किया और गोली बदमाश की दाहिनी टांग में लगी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सीतारामडेरा पुलिस को सूचना मिली थी कि बारीडीह हाई स्कूल के पास एक खाली क्वार्टर में कुछ बदमाश छिपे हैं और किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। जैसे ही पुलिस ने क्वार्टर में प्रवेश किया, बदमाश ने गोलियां चलानी शुरू कर दीं। बदमाश ने दो गोलियां दागीं। दोनों गोलियां कमरे के दरवाज़े पर लगीं। इस गोलीबारी में डीएसपी भोला प्रसाद बाल बाल बचे। वह सबसे आगे थे। फौरन पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की और गोली चलाई।पुलिस की फायरिंग में शूटर रवि महानंद घायल हो गया। रवि महानंद गोलमुरी थाना क्षेत्र के गाढाबासा का रहने वाला है। उसका बड़ा आपराधिक इतिहास है।
इसे भी पढ़ें – Mukhtar Ansari Gang : मुख्तार गैंग का कुख्यात शूटर अनुज कनौजिया एनकाउंटर में ढेर
मौके से पुलिस ने एक देशी पिस्तौल और दो खोखे बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि एक अन्य अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उनकी तलाश में सिदगोड़ा, कदमा और गोलमुरी इलाके में लगातार छापेमारी कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक, घायल शूटर प्रिंस खान गैंग से जुड़ा है और हाल ही में सीतारामडेरा इलाके के कारोबारी हरेराम सिंह के घर पर फायरिंग की वारदात में शामिल था। देर रात हुई इस गोलीबारी से बारीडीह इलाका दहशत में रहा। लोगों ने बताया कि रात भर गोलियों की आवाजें सुनाई देती रहीं और सुबह तक भारी पुलिस बल तैनात रहा। फिलहाल पुलिस की ओर से मुठभेड़ पर आधिकारिक बयान का इंतजार है।




