Jamshedpur : जमशेदपुर में 29 दिसंबर को प्रस्तावित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दौरे (President Jamshedpur Tour) को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। राष्ट्रपति के आगमन (President Jamshedpur Tour) से पहले एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक के पूरे रूट को सैनिटाइज किया जा रहा है। सुरक्षा के मद्देनज़र रूट के आसपास स्थित ऊंची इमारतों की पहचान कर वहां रहने वालों का सत्यापन किया जा रहा है और आवश्यकतानुसार सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी।
एसएसपी पीयूष पांडेय ने बताया कि राष्ट्रपति के रूट का फिजिकल वेरिफिकेशन पूरा कर लिया गया है। एंटी-सबोटाज जांच के तहत रूट से सटी इमारतों और संभावित लोकेशनों की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक न हो। इसके साथ ही एक्सेस कंट्रोल और अन्य सुरक्षा मानकों को भी सख्ती से लागू किया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर में ट्रैफिक जांच के दौरान हंगामा, पुलिस पर धक्का देने का आरोप, स्कूटी सवार महिला गंभीर रूप से घायल
इस पूरी कवायद में स्पेशल ब्रांच, पुलिस मुख्यालय और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर काम किया जा रहा है। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल और अधिकारियों की तैनाती भी की जाएगी। जिला प्रशासन के साथ संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण और सुरक्षा बैठकों का दौर पूरा हो चुका है।
एयरपोर्ट सुरक्षा को लेकर एयरपोर्ट अथॉरिटी के साथ विशेष तालमेल बनाया गया है। वहीं राष्ट्रपति का कार्यक्रम सरायकेला में भी प्रस्तावित है, जिसका रूट जमशेदपुर होकर गुजरता है। इस रूट का भी भौतिक सत्यापन कर सरायकेला जिला प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय स्थापित किया गया है।
एसएसपी ने कहा कि आम लोगों को कम से कम परेशानी हो, इसका ध्यान रखा जाएगा। ट्रैफिक पूरी तरह बंद नहीं किया जाएगा, बल्कि सुरक्षा जरूरतों के अनुसार कुछ समय के लिए नियंत्रित किया जाएगा। खतरे का आकलन लगातार किया जा रहा है, ताकि राष्ट्रपति का झारखंड दौरा पूरी तरह सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न हो सके।




