Jamshedpur : मानगो थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह (Mango Bike Theft Gang) का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी की आठ मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार किए गए युवक लंबे समय से बाइक चोरी (Mango Bike Theft Gang) की वारदातों को अंजाम दे रहे थे और इनका आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा चुका है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में आजादबस्ती मानगो निवासी 19 वर्षीय आफताब अली, नार्दन टाउन बिष्टुपुर निवासी 20 वर्षीय जिलानी खान उर्फ जुम्मन, जवाहरनगर मानगो निवासी 19 वर्षीय मोहसिन उर्फ विक्की, उसी इलाके के 18 वर्षीय कादिर खान और कपाली रोड सरायकेला निवासी 19 वर्षीय आयान उर्फ छोटी उर्फ चोटी शामिल हैं। ये सभी शातिर अपराधी शहर के अलग-अलग इलाकों से बाइक चोरी कर गिरोह के माध्यम से बेचते थे।
पुलिस ने बताया कि छापेमारी के दौरान बरामद की गईं आठों मोटरसाइकिलें स्प्लेंडर प्लस मॉडल की हैं। इनमें से कई गाड़ियां मानगो, बिष्टुपुर, कदमा, आजादनगर, एमजीएम, साकची और बोड़ाम थाना क्षेत्रों से चोरी की गई थीं। आरोपियों पर पहले से भी इन इलाकों में चोरी और लूटपाट के कई मामले दर्ज हैं।
मानगो थाना प्रभारी पु.नि. नित्यानन्द प्रसाद के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम में उपनिरीक्षक, सहायक अवर निरीक्षक और कई आरक्षी शामिल थे। पुलिस का कहना है कि शहर में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं के बाद इस गिरोह की तलाश की जा रही थी और गुप्त सूचना के आधार पर उन्हें दबोचने में सफलता मिली।
5 साल में गिरफ्तार किए गए 635 बाइक चोर
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि पहले जमशेदपुर में हर साल लगभग 38 बाइक चोरी हुआ करती थी। पुलिस ने चोरों पर शिकंजा कसा है। अब यह आंकड़ा 22 पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि वह इसे जल्द ही खत्म करना चाहते हैं। सिटी एसपी ने बताया कि पिछले 5 साल में 635 बाइक चोर गिरफ्तार किए गए हैं। जिन पर पुलिस लगातार निगरानी रख रही है। अभी जमशेदपुर में बाइक चोरी के 6 गैंग सक्रिय हैं, जिन पर पुलिस का क्रैक डाउन जारी है।




