जमशेदपुर : झारखंड के जमशेदपुर में शनिवार देर शाम मानगो थाना क्षेत्र के दाईगुट्टू में एक युवक पर चापड़ (Jamshedpur Knife Crime Mango) से जानलेवा हमला हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक की पहचान विकास साहू के रूप में हुई है, जो दाईगुट्टू में किराने की दुकान चलाते हैं।
जानकारी के मुताबिक, विकास साहू मानगो चौक से अपनी दुकान की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान हनुमान मंदिर के पास चार-पांच युवक सड़क किनारे खड़े थे। विकास ने रास्ता देने को कहा, जिस पर एक युवक ने गाली-गलौज करते हुए कमर से चापड़ (Jamshedpur Knife Crime Mango) निकाला और विकास पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
इसे भी पढ़ें – Ghatshila By-election 2025: निर्दलीय उम्मीदवारों को मिले अनोखे चुनाव चिन्ह, किसी को सेब तो किसी को फलों की टोकरी
हमले में विकास के हाथ और कंधे पर गहरे घाव आए। स्थानीय लोगों ने मौके पर मौजूद एक हमलावर को दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए। घायल विकास को आनन-फानन में एमजीएम अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। मानगो थाना प्रभारी ने बताया कि यह मामला आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। फरार युवकों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घटना के बाद दाईगुट्टू इलाके में तनाव की स्थिति है, जिसके चलते पुलिस बल तैनात कर गश्त बढ़ा दी गई है।




