Jamshedpur : जमशेदपुर में पिछले 11 दिनों से लापता युवक कैरव गांधी का मामला (Jamshedpur Kidnapping) अब राजनीतिक रंग लेने लगा है। शुक्रवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा लापता युवक के परिजनों से मिलने उनके आवास पहुंचे। नेताओं ने परिवार से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
इस दौरान भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार की कानून-व्यवस्था पर तीखा हमला बोला। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है और आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपराध और लापता मामलों को लेकर गंभीर नहीं है। साहू ने बताया कि वे 27 जनवरी को राज्य के डीजीपी से मिलकर मामले में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की मांग करेंगे।
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने इस (Jamshedpur Kidnapping) पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर जांच में कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आ रहा है, ऐसे में निष्पक्ष जांच के लिए केंद्रीय एजेंसी को जिम्मेदारी दी जानी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने भी परिवार को सांत्वना देते हुए भरोसा दिलाया कि भाजपा इस मुद्दे को गंभीरता से उठाएगी और दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित कराएगी। नेताओं ने कहा कि पार्टी पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और सरकार पर दबाव बनाने का काम करेगी।
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय परिसर में सरस्वती पूजा और भजन संध्या का आयोजन, नेताजी सुभाष चंद्र बोस को दी गई श्रद्धांजलि
लापता युवक के मामले ने शहर में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है और लोग जल्द से जल्द उसकी सुरक्षित बरामदगी की मांग कर रहे हैं।




