Jamshedpur : झारखंड के बिरसानगर थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने वाली एक गंभीर घटना (Jharkhand Police Behaviour) सामने आई है। स्थानीय निवासी ओमप्रकाश चौधरी ने थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया है कि पीसीआर वाहन संख्या JH05 BK 2648 के चालक सुनील कुमार पांडेय ने एक युवक के साथ मारपीट की और विरोध करने पर उनके साथ भी धक्का-मुक्की व गाली-गलौज की।
शिकायत के अनुसार, यह घटना 18 अक्टूबर की रात करीब 10:10 बजे की है, जब ओमप्रकाश अपने घर लौट रहे थे। बिरसानगर चौक के पास उन्होंने देखा कि पीसीआर चालक एक युवक को पीट रहा था। जब उन्होंने रोकने की कोशिश की, तो चालक ने कथित तौर पर नशे की हालत में ओमप्रकाश के साथ बदसलूकी की।
सूचना मिलते ही बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। ओमप्रकाश का कहना है कि ड्यूटी के दौरान नशे में इस तरह का व्यवहार (Jamshedpur Police Behaviour) कानून व्यवस्था का खुला उल्लंघन है। उन्होंने उच्च अधिकारियों से निष्पक्ष जांच, मेडिकल टेस्ट और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर में टीचर की शिकायत से आहत 7वीं की छात्रा ने दी जान, घर लौटकर खाया ज़हर
इधर, पुलिस अधिकारियों ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए कहा है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और सत्यापन के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है और वे पुलिस व्यवस्था की छवि पर सवाल उठा रहे हैं।




