Jamshedpur (Jharkhand) : केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB) रांची ने जमशेदपुर के सोनारी स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) शाखा से जुड़े एक एजेंट को 40 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार (Jamshedpur SBI Agent Arrested) किया है। आरोपी पर बैंक खाते से होल्ड हटाने के नाम पर पैसे मांगने का आरोप है।
गौरतलब है कि सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई थाना क्षेत्र के मारंगहातु निवासी संदीप कुमार सोय ने सीबीआई से शिकायत की थी कि उन्हें एसबीआई से 25 लाख रुपये का पर्सनल लोन स्वीकृत हुआ था। आरोप है कि लोन प्रक्रिया पूरी होने के बाद शाखा से जुड़े एजेंट सलित भगत ने उनसे 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग (Jamshedpur SBI Agent Arrested) की।
शिकायतकर्ता का कहना है कि जब उन्होंने रिश्वत देने से इनकार कर दिया तो उनके एसबीआई सैलरी अकाउंट पर होल्ड लगा दिया गया। बाद में खाते को फिर से सक्रिय करने के लिए एजेंट ने कथित तौर पर 40 हजार रुपये की मांग की। एजेंट ने यह रकम शाखा प्रबंधक के नाम पर मांगी थी।
मामले की शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने गोपनीय सत्यापन कराया। प्रारंभिक जांच में आरोप सही प्रतीत होने पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद सीबीआई की टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और आरोपी एजेंट सलित भगत को 40 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
सीबीआई ने मामले की जांच अपने अधिकारी को सौंप दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि रिश्वत मांगने में किसी बैंक अधिकारी की भूमिका थी या नहीं। जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर में हत्या की दो अलग-अलग घटनाओं से सनसनी, अविश्वास और शक ने ली दो जिंदगियां+VDO
उल्लेखनीय है कि हाल के महीनों में झारखंड में बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े भ्रष्टाचार के मामलों पर सीबीआई की निगरानी बढ़ी है। इससे पहले भी राज्य में बैंक अधिकारियों के खिलाफ रिश्वतखोरी के मामलों में कार्रवाई हो चुकी है।




