Jamshedpur (Jharkhand ) : पूर्वी सिंहभूम जिले में अंतर्राष्ट्रीय प्लम्बर दिवस के अवसर पर बुधवार को निरीक्षण भवन में पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल जमशेदपुर और आदित्यपुर की ओर से संयुक्त रूप से कार्यक्रम (Jamshedpur Plumber Day) आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाने में प्लम्बरों की अहम भूमिका को रेखांकित करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया।
(Jamshedpur Plumber Day) कार्यक्रम की शुरुआत कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल आदित्यपुर ने अतिथियों के स्वागत के साथ की। इस दौरान उन्होंने 8 मार्च से शुरू हुए “जल महोत्सव” कार्यक्रम के उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस आयोजन के तहत अंतर्राष्ट्रीय प्लम्बर दिवस मनाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य पेयजल और स्वच्छता व्यवस्था में प्लम्बरों के योगदान को सम्मान देना है।
उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में “नल से जल” योजना को सफल बनाने में प्लम्बरों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। गांवों तक नियमित और स्वच्छ पेयजल पहुंचाने में उनके योगदान को देखते हुए इस दिन उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया जाता है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधीक्षण अभियंता ने सभी प्लम्बरों को अंतर्राष्ट्रीय प्लम्बर दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्लम्बर समाज को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। स्वच्छ भारत मिशन और जल जीवन मिशन के तहत उनके द्वारा किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं।
इस दौरान “जल महोत्सव पखवाड़ा” के बारे में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि यह कार्यक्रम 8 मार्च से 22 मार्च 2026 तक आयोजित किया जाएगा। भारत सरकार के निर्देशानुसार इस दौरान अलग-अलग तिथियों पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी।कार्यक्रम के दौरान जल जीवन मिशन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कई प्लम्बरों को शॉल और टूल किट देकर सम्मानित किया गया।
समापन के अवसर पर कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल जमशेदपुर ने जल महोत्सव पखवाड़ा के तहत जिले से लेकर प्रखंड, पंचायत और गांव स्तर पर आयोजित होने वाली गतिविधियों की जानकारी दी और धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया।
इसे भी पढ़ें – प्रेम जाल में फंसाकर युवती ने उड़ाए लाखों के गहने, गोविंदपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार+VDO
इस मौके पर पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल जमशेदपुर और आदित्यपुर के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, जिला समन्वयक, प्लम्बर और विभाग के अन्य कर्मी मौजूद रहे।




