Jamshedpur (Jharkhand) : पूर्वी सिंहभूम जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर (गरुड़बासा) में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवती (Jamshedpur Lover Thief)ने पहले युवक को प्रेम जाल में फंसाया, फिर खुद को उसकी होने वाली पत्नी के रूप में घर में स्थापित कर लिया। मौका मिलते ही उसने घर की अलमारी से लाखों रुपये के गहने और नकदी गायब करने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी युवती (Jamshedpur Lover Thief) को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार गोविंदपुर निवासी निखिल सिंह की पहचान पूजा पांडेय नामक युवती से हुई थी, जो शहर के एक पीजी में रहती थी। दोनों के बीच धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ीं और बात शादी तक पहुंच गई। इसी दौरान निखिल के घर में जनेऊ संस्कार का कार्यक्रम था, जिसमें पूजा भी शामिल होने पहुंच गई। कार्यक्रम के दौरान वह परिवार के सभी सदस्यों से घुलमिल गई और उनका विश्वास जीत लिया।
परिवार का भरोसा मिलने के बाद निखिल ने अपनी अलमारी की चाबी भी पूजा को दे दी। 6 मार्च को जब जनेऊ कार्यक्रम खत्म होने के बाद निखिल की बुआ घर लौटने की तैयारी कर रही थीं, तब उन्हें अलमारी से मंगलसूत्र निकालना था। इसके लिए निखिल ने पूजा से चाबी मांगी, लेकिन वह बार-बार बहाना बनाकर चाबी देने से बचती रही। इससे घरवालों को शक हुआ।
जब अलमारी की जांच की गई तो उसमें रखे गहने और नकदी गायब मिले। इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। जांच में यह भी सामने आया कि युवती ने आसपास के पड़ोसियों का विश्वास जीतकर उनके घरों से भी अलमारी की चाबी और गहने गायब करने की कोशिश की थी।
पुलिस जांच में यह भी पता चला कि पूजा पांडेय पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। बताया जा रहा है कि वह युवकों को प्रेम जाल में फंसाकर शादी का झांसा देती है और मौका मिलते ही जेवरात व कीमती सामान लेकर फरार हो जाती है।
इसे भी पढ़ें – बम धमकी के बाद अलर्ट पर पुलिस, जमशेदपुर कोर्ट की सुरक्षा बढ़ाई गई; सिटी SP ने किया निरीक्षण+VDO
घटना की सूचना मिलने के बाद गोविंदपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवती को हिरासत में ले लिया। सिटी एसपी कुमार शिवा आशीष ने बताया कि महिला से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की गहन जांच की जारही है।




