Jamshedpur (Jharkhand) : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 29 दिसंबर को प्रस्तावित जमशेदपुर आगमन से पहले प्रशासन पूरी तरह सतर्क (Droupadi Murmu Jamshedpur Tour) नजर आ रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को परसुडीह क्षेत्र में करनडीह चौक से लेकर खासमहाल स्थित प्रसाद होटल तक सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान प्रशासन का बुलडोजर गरजा और करीब दर्जन भर अवैध ढांचों को ध्वस्त ( Droupadi Murmu Jamshedpur Tour) किया गया।
यह कार्रवाई अनुमंडल पदाधिकारी, धालभूम के निर्देश पर जमशेदपुर प्रखंड के अंचल अधिकारी द्वारा कराई गई। अभियान को शांतिपूर्ण और विधिसम्मत तरीके से संचालित करने के लिए दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई थी। दंडाधिकारी की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर सड़क और फुटपाथ पर बने अवैध कब्जों को हटाया गया।
इसे भी पढ़ें – बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के विरोध में जमशेदपुर में पुतला दहन, BJP कदमा मंडल का प्रदर्शन+ VDO
प्रशासन की ओर से अतिक्रमणकारियों को पहले ही माइक के जरिए लगातार सूचना दी जा रही थी, ताकि लोग स्वयं अतिक्रमण हटा लें और कठोर कार्रवाई से बचा जा सके। इसके बावजूद कई जगहों पर कब्जा नहीं हटाए जाने पर प्रशासन को कार्रवाई करनी पड़ी।
करनडीह चौक से जमशेदपुर प्रखंड कार्यालय, परसुडीह थाना, सदर अस्पताल और प्रसाद होटल तक दुकानदारों व अस्थायी संरचनाओं द्वारा सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण कर लिया गया था, जिससे यातायात बाधित हो रहा था और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि कुछ माह पूर्व भी इसी मार्ग से अतिक्रमण हटाया गया था, लेकिन बाद में दोबारा कब्जा कर लिया गया। इस बार यदि फिर से अतिक्रमण किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इधर, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के जमशेदपुर दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन भी व्यापक स्तर पर तैयारियों में जुटा है। राष्ट्रपति के प्रस्तावित रूट को पूरी तरह सैनिटाइज किया जा रहा है। रूट के आसपास स्थित ऊंची इमारतों की पहचान कर वहां रहने वाले लोगों का सुरक्षा सत्यापन किया जा रहा है।
एसएसपी पीयूष पांडेय ने बताया कि पूरे रूट का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है और एंटी-सबोटाज चेक, एक्सेस कंट्रोल समेत सभी जरूरी सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए जाएंगे। स्पेशल ब्रांच, पुलिस मुख्यालय और अन्य एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय बनाकर काम किया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस बल और अधिकारियों की मांग भी की गई है।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन के साथ फील्ड विजिट, स्पॉट निरीक्षण और बैठकों का दौर पूरा कर लिया गया है। एयरपोर्ट सुरक्षा को लेकर एयरपोर्ट अथॉरिटी के साथ विशेष समन्वय स्थापित किया गया है। वहीं सरायकेला में भी राष्ट्रपति का कार्यक्रम प्रस्तावित है, जिसका रूट जमशेदपुर होकर जाएगा। इस रूट का भी सत्यापन कर सरायकेला जिला प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय किया जा रहा है।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि आम जनता को अनावश्यक असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। ट्रैफिक पूरी तरह बंद नहीं रहेगा, बल्कि सुरक्षा कारणों से जरूरत पड़ने पर कुछ समय के लिए नियंत्रित किया जाएगा।




