Jamshedpur (Jharkhand) : साल के आखिरी दिन बुधवार को लौहनगरी जमशेदपुर और इसके आसपास के पिकनिक स्थलों पर सैलानियों की जबरदस्त रौनक (Jamshedpur New Year Celebration) देखने को मिली। नए साल के स्वागत और पुराने साल को विदा करने के लिए लोग परिवार और दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने निकले। जुबिली पार्क इस बार भी पिकनिक (Jamshedpur New Year Celebration) का सबसे बड़ा केंद्र बना रहा, जहां सुबह से देर शाम तक लोगों का तांता लगा रहा।
जुबिली पार्क के अलावा मोदी पार्क, डिमना डैम, चांडिल डैम, पहाड़भांगा, डोबो डैम और दलमा क्षेत्र में भी पिकनिक मनाने वालों की भारी भीड़ देखी गई। लोग घर से बने स्वादिष्ट पकवान, संगीत और खेल-कूद के साथ साल के अंतिम दिन का आनंद लेते नजर आए। बच्चे बैडमिंटन, फुटबॉल, खो-खो जैसे खेलों में व्यस्त दिखे, वहीं कई सामाजिक संस्थाओं ने भी सामूहिक पिकनिक का आयोजन किया।
Jamshedpur New Year Celebration: सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
नए साल को लेकर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जमशेदपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट रही। पुलिस ने शहर में फ्लैग मार्च निकाला, जो सीसीआर से शुरू होकर जुबिली पार्क तक पहुंचा। सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने स्वयं जुबिली पार्क पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। देर रात तक 32 स्थानों पर वाहन जांच अभियान चलाया गया, जिसमें कार चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई, ताकि नशे में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की जा सके।
इसे भी पढ़ें – नए साल पर हुड़दंगियों पर जमशेदपुर पुलिस की कड़ी नजर, 32 चेक पोस्ट बनाए गए+VDO
जुबिली पार्क बना आकर्षण का केंद्र
करीब 500 एकड़ में फैला जुबिली पार्क शहर की पहचान है, जिसे दिल्ली के मुगल गार्डन की तर्ज पर विकसित किया गया है। दिसंबर और जनवरी के महीनों में यहां पिकनिक करने वालों की संख्या सबसे अधिक रहती है। पार्क के भीतर स्थित जयंती सरोवर के किनारे बैठकर लोग प्रकृति का आनंद ले रहे हैं। वहीं टाटा जू भी सैलानियों के लिए आकर्षण बना हुआ है, हालांकि अब इसका मुख्य प्रवेश द्वार मरीन ड्राइव की ओर कर दिया गया है।
डिमना और चांडिल में बाहरी सैलानियों की भीड़
डिमना डैम क्षेत्र में इन दिनों पश्चिम बंगाल और ओडिशा से आए पर्यटकों की बड़ी संख्या देखी जा रही है। दर्जन भर से अधिक टूरिस्ट बसें यहां पहुंची हैं। बस चालक सकुर मोहंती ने बताया कि वह ओडिशा के रायरंगपुर से सैलानियों को लेकर आए हैं।
वहीं चांडिल डैम में झारखंड के अलावा छत्तीसगढ़, बंगाल और ओडिशा से आए पर्यटक नौकाविहार का लुत्फ उठा रहे हैं। डैम के बीच स्थित टापू और आसपास के रेस्टोरेंट सैलानियों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
पहाड़भांगा बना नेचर लवर्स की पसंद
पोटका प्रखंड के शंकरदा के पास स्थित पहाड़भांगा इन दिनों प्रकृति प्रेमियों के लिए खास आकर्षण बना हुआ है। वादी में स्थित यह स्थल अपने झरने और हरियाली के लिए जाना जाता है। नए साल को लेकर यहां ओडिशा और बंगाल से बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे हैं, जो प्राकृतिक सौंदर्य का भरपूर आनंद ले रहे हैं।




