Jamshedpur : टाटानगर रेलवे स्टेशन के पास क्रू लॉबी के बाहर लोको पायलट जीके गौतम की हत्या ने पूरे शहर को हिला (Jamshedpur Loco Pilot Murder) कर रख दिया है। शुरुआती जांच में यह मामला साधारण हत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित सुपारी किलिंग के रूप में सामने आ रहा है। पुलिस अब पूरी तरह जमीन विवाद और कारोबारी रंजिश के एंगल पर जांच केंद्रित (Jamshedpur Loco Pilot Murder) कर रही है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जीके गौतम रेलवे की नौकरी के साथ-साथ रियल एस्टेट कारोबार में भी सक्रिय थे। हाल ही में उन्होंने आदित्यपुर के कुलुपटांगा इलाके में करीब 20 कट्ठा जमीन खरीदी थी, जहां वे अपने साझेदारों के साथ प्लॉटिंग का बड़ा प्रोजेक्ट शुरू कर चुके थे। इसी जमीन को लेकर स्थानीय भू-माफियाओं और एक मजबूत जमीन सिंडिकेट के साथ उनका विवाद चल रहा था।
जांच एजेंसियों को आशंका है कि वर्चस्व की इसी लड़ाई में पेशेवर शूटरों के जरिए इस हत्या को अंजाम दिया गया। जिस तरह से अपराधियों ने बेहद करीब से गोली मारी, वह किसी प्रशिक्षित गिरोह की संलिप्तता की ओर इशारा करता है।
रविवार रात हुई इस वारदात में अपराधियों ने पूरी प्लानिंग के साथ काम किया। उन्हें गौतम की ड्यूटी टाइमिंग और मूवमेंट की सटीक जानकारी थी। जैसे ही वे मालगाड़ी खड़ी कर लॉबी की ओर साइन-ऑफ करने पहुंचे, पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन्हें निशाना बना लिया और फरार हो गए।
सिटी एसपी ललित मीणा के नेतृत्व में कई टीमें जांच में जुटी हैं। पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), बैंक लेन-देन और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। साथ ही कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है।
बताया जा रहा है कि गौतम का तीन महीने पहले ही डांगुवापोसी से टाटानगर तबादला हुआ था। उनका परिवार आदित्यपुर-2 स्थित एकलव्य सिटी में रहता है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि उनके दो छोटे बेटे गहरे सदमे में हैं।
इस हत्याकांड के बाद रेलवे कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि क्रू लॉबी जैसे संवेदनशील इलाके में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे, जिसके कारण अपराधी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर में बैंक खाते से 98 हजार की रहस्यमयी निकासी, मोबाइल बंद होते ही उड़ गए पैसे
फिलहाल पुलिस का दावा है कि इस मामले में शामिल साजिशकर्ताओं को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, जमशेदपुर और आदित्यपुर इलाके में भू-माफियाओं के बीच पुलिस कार्रवाई को लेकर हड़कंप मचा हुआ है




