Jamshedpur (Jharkhand): महानवमी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने बुधवार को साकची थाना स्थित कंपोजिट कंट्रोल रूम (Jamshedpur Durga Puja) से शहर की विधि-व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने शहर के मुख्य चौक-चौराहों और सड़कों पर लगाए गए CCTV कैमरों के माध्यम से रियल टाइम यातायात व्यवस्था और पुलिस की गतिविधियों की समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निगरानी वाले इलाकों में 24 घंटे कड़ी नजर रखी जाए। साथ ही स्थानीय थाना, मोबाइल एवं स्टैटिक पुलिस टीम और दंडाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर में स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर बढ़ा, दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को सतर्क रहने की अपील
उपायुक्त ने कहा कि श्रद्धालुओं को पूजा-पंडालों तक आने-जाने में कोई परेशानी न हो और यातायात सुचारू रूप से चलता रहे। उन्होंने सभी दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को चौकन्ना और अलर्ट रहने का निर्देश दिया।
साथ ही, उपायुक्त ने आमजन से अपील की कि वे प्रशासन को सहयोग दें ताकि दुर्गा पूजा का पर्व शांति, सौहार्द और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।




