Jamshedpur (Jharkhand) : झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर स्थित सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भालूबासा में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है। ठगों ने एटीएम कार्ड फंसाकर एक व्यक्ति के बैंक खाते से 47,800 रुपये निकाल (Jamshedpur ATM Fraud) लिए। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि आद्या मंदिर रोड रेडियो मैदान निवासी कामता प्रसाद 30 मई को भालूबासा स्थित एसबीआई एटीएम से पैसे निकालने गए थे। इसी दौरान उनका एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया। एटीएम के बाहर मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें बैंक जाकर शिकायत करने की सलाह (Jamshedpur ATM Fraud) दी।
कामता प्रसाद बैंक में शिकायत करने पहुंचे, लेकिन इसी बीच उनके खाते से 47,800 रुपये की निकासी कर ली गई। खाते से राशि निकलने की जानकारी मिलने पर उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
पीड़ित के आवेदन पर सीतारामडेरा थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और एटीएम परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें – उलीडीह में युवक की धारदार हथियार से कत्ल, इलाके में सनसनी
पुलिस ने लोगों से एटीएम का उपयोग करते समय सतर्क रहने, किसी अजनबी की सलाह पर भरोसा नहीं करने तथा कार्ड फंसने या किसी तकनीकी समस्या की स्थिति में तुरंत बैंक और पुलिस को सूचना देने की अपील की है।




