Jamshedpur (jharkhand) : जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डीडी बार में 27 जून की रात हुए चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में पुलिस जांच लगातार आगे बढ़ रही है। मामले के मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल ने बुधवार को अदालत में सरेंडर कर (Jamshedpur DD Bar Murder) दिया। अब पुलिस उसे न्यायिक हिरासत से रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी में है। इस बीच एसआईटी ने जांच में कई अहम खुलासे किए हैं। पुलिस का दावा है कि घटना से पहले विश्वनाथ मंडल को फोन कर डीडी बार बुलाया गया था और अब यह पता लगाया जा रहा है कि उसे किसने बुलाया (Jamshedpur DD Bar Murder) था।
पुलिस के अनुसार, विश्वनाथ मंडल के कोर्ट में सरेंडर करने के बाद उसे जेल भेजा जा रहा है। अब न्यायालय से रिमांड की अनुमति मिलने के बाद उससे गहन पूछताछ की जाएगी। जांच का सबसे अहम बिंदु यह है कि मुख्य आरोपी को घटनास्थल पर बुलाने वाला कौन था और पूरी साजिश कैसे रची गई।
पुलिस का कहना है कि विश्वनाथ मंडल आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है और उसके कई लोगों से राजनीतिक संबंध होने की भी चर्चा है। कुछ दिन पहले एक पूर्व मुख्यमंत्री के साथ उसकी तस्वीर भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। हालांकि पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर कर रही है।
इससे पहले पुलिस ने डीडी बार के मालिक नीरज सिंह को राजस्थान के सीकर से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर मंगलवार को जमशेदपुर लाया गया था। उससे एमजीएम थाने में लगातार पूछताछ की गई। वहीं मंगलवार को डीडी बार के मैनेजर विजय महानंद समेत तीन आरोपियों को जेल भेज दिया गया था। एक विधि-विरुद्ध बालक को बाल सुधार गृह भेजा गया था। इससे पहले भी तीन अन्य किशोरों को बाल सुधार गृह भेजा जा चुका है। पुलिस दो अन्य हत्यारोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। एसआईटी अब तक कुल नौ आरोपियों को पकड़ चुकी है।
डांस फ्लोर पर गाना बजाने के विवाद से शुरू हुआ था बवाल
जमशेदपुर के एसएसपी एहतेशाम वकारिब ने प्रेस वार्ता में बताया कि घटना की शुरुआत डीडी बार के डांस बोर्ड पर गाना बजाने को लेकर हुए विवाद से हुई थी। विवाद बढ़ने की सूचना मिलने पर हिमांशु सिंह और प्रत्युष सिंह बार पहुंचे और बार संचालक को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद दोनों को बाउंसरों ने नीचे भेज दिया।
बार के बाहर निकलते ही विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुलिस के अनुसार, बाहर पहले से मौजूद आरोपियों ने दोनों पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल हिमांशु सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि प्रत्युष सिंह घायल हो गए।
मैनेजर ने मालिक को दी थी सूचना
पुलिस पूछताछ में डीडी बार के मैनेजर विजय महानंद ने बताया कि डांस बोर्ड पर झगड़ा शुरू होने के बाद उसने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन विवाद शांत नहीं हुआ। इसके बाद उसने बार मालिक नीरज सिंह को इसकी सूचना दी। स्थिति बिगड़ने पर बाउंसर बुलाकर झगड़ा कर रहे लोगों को बार से बाहर निकाल दिया गया। पुलिस का कहना है कि इसके बाद ही मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल को फोन कर बार बुलाया गया। अब उसी कॉल की जांच की जा रही है।
एसआईटी की कार्रवाई में कई गिरफ्तारियां
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मानवीय सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी की गई।
ताजा कार्रवाई में पुलिस ने डीडी बार के मैनेजर विजय महानंद को बिरसानगर स्थित उसके आवास से, लखिन्द्र लोहार को धातकीडीह से तथा जगदीश मंडल उर्फ रोहन उर्फ मुर्गा को गम्हरिया थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
जांच में यह भी सामने आया कि जगदीश मंडल ने मुख्य आरोपियों को फरार होने, हथियार छिपाने और वाहन उपलब्ध कराने में मदद की थी।
Jamshedpur DD Bar Murder: हथियार, बाइक और मोबाइल बरामद
पुलिस ने लखिन्द्र लोहार और विधि-विरुद्ध बालक की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक लोहे का चापड़, कुल्हाड़ी, भुजाली, बड़ा चाकू, आठ लोहे के पंच, एक स्टील की गुप्ती, हीरो मोटरसाइकिल (जेएच-05ईएच-7980) तथा पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस इन बरामद सामानों की फॉरेंसिक जांच भी करवा रही है।
इसे भी पढ़ें – ट्रांजिट रिमांड पर जमशेदपुर लाए गए भाजपा नेता नीरज सिंह से पूछताछ शुरू, क्यों किया था राहुल दुबे को फोन
Jamshedpur DD Bar Murder: बीएनएस की विभिन्न धाराओं में दर्ज है मामला
बिष्टुपुर थाना में इस मामले में 10 नामजद और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और मुख्य आरोपी से पूछताछ के बाद कई और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।




