Jamshedpur (Jharkhand) : जमशेदपुर जिला बार संघ के लिए शनिवार का दिन अत्यंत शोकपूर्ण रहा। संघ के दो अधिवक्ताओं के आकस्मिक निधन से पूरे अधिवक्ता (Jamshedpur Advocate News) समाज में गहरी संवेदना और शोक की लहर दौड़ गई।
बताते हैं कि12 दिसंबर की शाम लगभग 7 बजे जिला बार संघ के युवा अधिवक्ता छोटा गोविंदपुर के रहने वाले सुभाष कुमार सिंह का भुइयांडीह गोलचक्कर के पास सड़क दुर्घटना में निधन (Jamshedpur Advocate News) हो गया। वह लगभग 54 वर्ष के थे। दुर्घटना के बाद उनके बड़े पुत्र उन्हें फौरन टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) ले गए थे, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।
अधिवक्ता सुभाष कुमार सिंह वर्ष 2005 से लगातार जिला बार संघ से जुड़े हुए थे और अपने पेशे के प्रति समर्पित थे। 13 दिसंबर को पोस्टमार्टम के बाद उनका पार्थिव शरीर उनके पटोरी गांव, दरभंगा ले जाया गया, जहां उनका अंतिम संस्कार एवं श्राद्ध कर्म संपन्न होगा।
वहीं, इसी दिन 12 दिसंबर की रात्रि लगभग 10:30 बजे, जिला बार संघ के वरिष्ठ अधिवक्ता मानगो निवासी जुगल किशोर मिश्रा का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वे 1977 से जिला बार संघ के सदस्य थे और अपने शांत, सौम्य स्वभाव के लिए जाने जाते थे। उनका अंतिम संस्कार 13 दिसंबर को स्वर्णरेखा बर्निंग घाट में संपन्न हुआ।
दोनों दिवंगत अधिवक्ताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए जिला बार संघ के अध्यक्ष रतिंद्र नाथ दास, उपाध्यक्ष बलाई पंडा, महासचिव कुमार राजेश रंजन, कार्यकारिणी सदस्य अभय कुमार सिंह, अधिवक्ता अक्षय कुमार झा, मिथिलेश सिंह, हेमंत कुमार, विजय कुमार, संजीव कुमार झा, पवन कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।
जिला बार संघ ने दोनों दिवंगत आत्माओं के सम्मान में यह निर्णय लिया है कि 15 दिसंबर 2025 को द्वितीय पाली में सभी अधिवक्ता स्वयं को न्यायिक कार्य से अलग रखेंगे।




