Jamshedpur (Jharkhand) : करीब 734 करोड़ रुपये के कथित जीएसटी फर्जीवाड़े से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने स्क्रैप कारोबारी ज्ञानचंद जायसवाल उर्फ बबलू जायसवाल और उनके बेटे राज जायसवाल को गिरफ्तार (Jamshedpur GST Scam )किया है। दोनों की गिरफ्तारी बुधवार देर रात जमशेदपुर में तलाशी अभियान के बाद हुई।
गिरफ्तारी के बाद ईडी की टीम दोनों को मेडिकल जांच के लिए एमजीएम अस्पताल लेकर (Jamshedpur GST Scam) पहुंची। यहां मेडिकल प्रक्रिया के दौरान बबलू जायसवाल और उनके बेटे की ईडी अधिकारियों से बहस होने की जानकारी सामने आई। बबलू जायसवाल ने मेडिकल जांच को लेकर आपत्ति जताई और अपने स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का हवाला दिया।
मेडिकल जांच के दौरान करीब आधे घंटे तक अस्पताल परिसर में गहमागहमी की स्थिति बनी रही। इसके बाद ईडी की टीम दोनों को अपने साथ लेकर रांची रवाना हो गई। दोनों को आगे अदालत में पेश किए जाने की प्रक्रिया होनी है।
इससे पहले बुधवार सुबह ईडी ने जीएसटी फर्जीवाड़े से जुड़े मामले में जमशेदपुर और कोलकाता समेत कई स्थानों पर एक साथ तलाशी शुरू की थी। जमशेदपुर में बिष्टुपुर सहित कारोबारी से जुड़े कई परिसरों की जांच की गई। इसके अलावा उनके अकाउंटेंट और अन्य संबंधित लोगों के ठिकानों पर भी कार्रवाई की गई। जांच के दौरान दस्तावेज, जीएसटी रिकॉर्ड, वित्तीय कागजात और लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की पड़ताल की गई।
ईडी की जांच कथित तौर पर फर्जी इनवॉयस के जरिए इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) हासिल करने और शेल कंपनियों के माध्यम से हुए लेनदेन से जुड़ी है। एजेंसी यह भी जांच कर रही है कि कागजी लेनदेन के जरिए कथित तौर पर हासिल किए गए टैक्स क्रेडिट और रकम का इस्तेमाल किस तरह किया गया।
जांच एजेंसी के अनुसार, मामले की शुरुआती कड़ियां जीएसटी इंटेलिजेंस की जांच से सामने आई थीं। इसके बाद कथित फर्जी बिलिंग और आईटीसी से जुड़े नेटवर्क की जांच ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से शुरू की। मामले में पहले भी कई कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है।
बबलू जायसवाल और राज जायसवाल की गिरफ्तारी के बाद अब ईडी दोनों से पूछताछ के जरिए कथित फर्जी लेनदेन, कंपनियों के नेटवर्क और पैसों के प्रवाह से जुड़ी कड़ियों की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई के बाद तस्वीर और स्पष्ट होने की संभावना है।
इसे भी पढ़ें – Jamshedpur Education : संत जेवियर्स स्कूल खासमहल में विज्ञान प्रदर्शनी, नन्हे वैज्ञानिकों ने मॉडल से दिखाई अपनी प्रतिभा




