Tehran : ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नौसेना के प्रमुख रियर एडमिरल अली अजमाई ने अमेरिका और इसराइल को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह सैयद अली खामेनेई (Iran Supreme Leader Khamenei) की शहादत का बदला जल्द लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ईरानी सशस्त्र बल अपने दिवंगत नेता के मार्ग पर अडिग रहेंगे और उनके मिशन को आगे बढ़ाते रहेंगे।
शनिवार को जारी अपने संदेश में रियर एडमिरल अली अजमाई ने अयातुल्लाह खामेनेई को धैर्य, दूरदृष्टि और प्रतिरोध का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि खामेनेई के विचार और आदर्श आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बने रहेंगे तथा ईरानी जनता और इस्लामी जगत उनके मार्ग पर आगे ( Iran Supreme Leader Khamenei) बढ़ेगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका और इजरायल ने खामेनेई की बढ़ती रूहानी और सियासी ताकत से घबराकर उनकी हत्या कराई। उन्होंने कहा कि इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को इसका परिणाम भुगतना पड़ेगा और ईरान उचित समय पर जवाब देगा।
यह बयान ऐसे समय आया है जब तेहरान के इमाम खुमैनी मुसल्ला में लाखों लोग अयातुल्लाह खामेनेई को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए जुटे। श्रद्धांजलि सभा में शामिल लोगों ने बदले के नारे लगाए और नए सर्वोच्च नेता के प्रति अपनी निष्ठा दोहराई।
इससे एक दिन पहले विभिन्न देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भी तेहरान पहुंचकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की थी।
गौरतलब है कि 28 फरवरी 2026 को अमेरिका और इयराइल ने संयुक्त हमले में आयतुल्लाह सैयद अली खामेनेई की हत्या कर दी थी। यह हमला ईरान के खिलाफ शुरू हुए 40 दिनों के सैन्य संघर्ष की शुरुआत में हुआ था।




