Jamshedpur (Jharkhand) : पूर्वी सिंहभूम जिले के गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार (Jamshedpur Crime) किया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी और उनकी निशानदेही पर कुल 17 चोरी की मोटरसाइकिल व स्कूटी बरामद की है। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन (Jamshedpur Crime) भी जब्त किए गए हैं। तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
चोरी की बाइक के साथ अड्डेबाजी करते पकड़े गए आरोपी
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ज्वालकट्टा स्थित मिलनवीथी हाई स्कूल के पास हरिकीर्तन मंडप के समीप तीन युवक चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ जुटे हुए हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की और तीनों आरोपियों को चोरी के तीन दोपहिया वाहनों के साथ पकड़ लिया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने वाहन चोरी के संगठित नेटवर्क से जुड़े होने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य योजनाबद्ध तरीके से जमशेदपुर शहर के साथ-साथ अन्य जिलों के विभिन्न थाना क्षेत्रों से बाइक और स्कूटी चोरी करते थे।
निशानदेही पर 17 चोरी की बाइक और स्कूटी बरामद
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर कुल 17 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए। बरामद वाहनों में स्प्लेंडर प्लस की कई बाइक, पैशन प्रो, होंडा साइन समेत अन्य मोटरसाइकिल और स्कूटी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
एसएसपी के निर्देश पर गठित की गई थी विशेष टीम
जिले में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने और चोरी के वाहनों की बरामदगी के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इस कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के मार्गदर्शन में मुसाबनी के पुलिस उपाधीक्षक रोहित कुमार रजवार के नेतृत्व में अंजाम दिया गया।
कार्रवाई में गुड़ाबांदा थाना प्रभारी कुमार सुमित यादव और पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
तीनों आरोपी गुड़ाबांदा के रहने वाले
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रभाष महली (28), पिता चंद्रमोहन महली, जयप्रकाश महली उर्फ प्रकाश (22), पिता सहदेव महली और सचिन महली (23), पिता दुवई महली के रूप में की है। तीनों आरोपी पूर्वी सिंहभूम जिले के गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र के चकशोल, टोला डुगरीगोड़ा के निवासी हैं।
इसे भी पढ़ें – Jamshedpur Nikhar Sablok Murder : 12 गोलियां, दो शूटरों की तस्वीरें; कई संदिग्ध हिरासत में
मामले में 24 अगस्त को गुड़ाबांदा थाना में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और बरामद वाहनों से जुड़े चोरी के मामलों की जांच कर रही है।
गुड़ाबांदा पुलिस ने वाहन चोरी गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर 17 चोरी की बाइक-स्कूटी बरामद कीं।




