Jamshedpur : छठ महापर्व के मद्देनज़र जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) ने तैयारियों को लेकर कमर कस ली है। उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने आज बुधवार को शहर के प्रमुख छठ घाटों (Jamshedpur Chat Ghat) का निरीक्षण किया और सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान नगर प्रबंधक, सहायक अभियंता समेत अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे। घाटों पर सफाई व्यवस्था, रोशनी की उपलब्धता, जल निकासी, बैरिकेडिंग, कचरा प्रबंधन, पेयजल सुविधा और सुरक्षा इंतजामों की विस्तार से जांच की गई।
उप नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि सभी छठ घाटों पर पूर्ण स्वच्छता और सुरक्षित माहौल सुनिश्चित किया जाए, जिससे व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने घाटों पर पर्याप्त संख्या में डस्टबिन लगाने, रोशनी की समुचित व्यवस्था करने तथा नदी किनारे खतरनाक स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए।
इसे भी पढ़ें – Ghatshila By-election 2025 : जांच के दौरान तीन उम्मीदवारों का नामांकन रद्द, अब 14 प्रत्याशी मैदान में
इस अवसर पर उन्होंने कहा, “स्वच्छता और सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। छठ व्रतियों को स्वच्छ और सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना हमारा दायित्व है।” साथ ही, उन्होंने बताया कि छठ पर्व के दौरान JNAC की विशेष टीमें लगातार निगरानी एवं सफाई कार्य में तैनात रहेंगी। झारखंड के जमशेदपुर में इस तरह की सुनियोजित व्यवस्था छठ पर्व को एक स्वच्छ, सुरक्षित और शांतिपूर्ण त्योहार बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।




