Jamshedpur (Jharkhand ) : शहर के बिरसानगर थाना क्षेत्र में एक महिला से चेन छिनतई (Birsanagar Chain Snatching) की घटना सामने आई है। बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर महिला के गले से सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले में रविवार को एफआईआर दर्ज (Birsanagar Chain Snatching) कर जांच शुरू कर दी है।
बताते हैं कि पीड़िता विभा देवी अपने पति नंद लाल ओझा के साथ शनिवार देर रात सिदगोड़ा से अपने घर लौट रही थीं। जैसे ही वे आस्था ट्विन सिटी के मलबरी ब्लॉक के पास ऑटो से उतरे, पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार बदमाशों ने अचानक हमला कर दिया। एक बदमाश ने झपट्टा मारकर विभा देवी के गले से चेन छीन ली और दोनों तुरंत बाइक से फरार हो गए।
घटना के बाद महिला ने शोर मचाया, लेकिन देर रात होने के कारण आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे बदमाश आसानी से भागने में सफल रहे। छीनी गई चेन का वजन करीब 15 ग्राम बताया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें – ईरान ने अमेरिकी रेस्क्यू मिशन किया नाकाम, इस्फहान के पास कई सैन्य विमान मार गिराए
घटना की सूचना मिलते ही बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर में आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया ईस्टर, कब्रिस्तानों में उमड़ी भीड़+VDO
इधर, पीड़ित परिवार ने अपार्टमेंट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। नंद लाल ओझा का कहना है कि आस्था ट्विन सिटी परिसर में सुरक्षा बेहद कमजोर है। यहां गार्ड की व्यवस्था लचर है, जिससे कोई भी बाहरी व्यक्ति आसानी से अंदर प्रवेश कर जाता है। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।




