Jamshedpur (Jharkhand) : बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में मोहम्मद अफताब आलम की हत्या के मामले में पूर्वी सिंहभूम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्याकांड के मुख्य शूटर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में दो विधि-विरुद्ध किशोरों को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त देशी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, एक मैगजीन और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
पुलिस के मुताबिक, 2 अगस्त 2026 की रात रेलवे कंटेनर यार्ड के पास मोहम्मद अफताब आलम पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल अफताब आलम को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद बर्मामाइंस थाना में कांड संख्या 42/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत जांच शुरू की गई।
एसआईटी ने बंद पड़े बैचिंग प्लांट में की छापेमारी
हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) और पुलिस उपाधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में टीम ने मामले की जांच शुरू की।
गुप्त सूचना के आधार पर एसआईटी ने 6 अगस्त की रात बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित बंद पड़े बैचिंग प्लांट में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने कांड के मुख्य शूटर शहबाज उर्फ मोहम्मद शहबाज उर्फ भोंदू और मोहम्मद रेहान उर्फ अब्दुल रेहान को गिरफ्तार किया। इनके साथ मामले में नामजद दो विधि-विरुद्ध किशोरों को भी पुलिस ने निरुद्ध किया।
आरोपियों की निशानदेही पर हथियार बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई दोनों मोटरसाइकिल बरामद कीं। पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त एक देशी पिस्तौल, दो जिंदा 7.65 एमएम कारतूस और एक मैगजीन भी बरामद की है।
जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले के एक अन्य आरोपी शेख रहीम को ओडिशा के मयूरभंज जिले के बहलदा थाना क्षेत्र के सोसो गांव से गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में इससे पहले भी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
पुलिस ने क्या-क्या किया बरामद?
* एक देशी पिस्तौल
* दो जिंदा 7.65 एमएम कारतूस
* एक मैगजीन
* हीरो कंपनी की काले रंग की मोटरसाइकिल — JH05EA-8066
* हीरो कंपनी की काले रंग की मोटरसाइकिल — JH05BJ-2902
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
शहबाज उर्फ मोहम्मद शहबाज उर्फ भोंदू (20 वर्ष) — पिता मोहम्मद अफरोज उर्फ बंटी।
मोहम्मद रेहान उर्फ अब्दुल रेहान (19 वर्ष) पिता अब्दुल जाकिर कादरी उर्फ कुंदन काड़ा, निवासी कैरेज कॉलोनी, मुस्लिम बस्ती, बर्मामाइंस।
शेख रहीम (40 वर्ष) — पिता शेख शमसुद्दीन, निवासी सोसो गांव, थाना बहलदा, जिला मयूरभंज, ओडिशा।
इसके अलावा दो विधि-विरुद्ध किशोरों को भी निरुद्ध किया गया है। उनकी पहचान पुलिस ने गोपनीय रखी है।
अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास का सत्यापन किया जा रहा है। साथ ही हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा हत्या के पीछे की पूरी साजिश क्या थी।
बर्मामाइंस हत्याकांड में लगातार हो रही कार्रवाई से पुलिस को मामले की तह तक पहुंचने और घटना में शामिल अन्य संदिग्धों की पहचान करने में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर में चेन स्नैचिंग का खुलासा, साकची पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा; लूटा गया चैन और बाइक बरामद+VDO




