Jamshedpur (Jharkhand) : गोलमुरी थाना क्षेत्र के केबुल बस्ती स्थित 3 नंबर लाइन में बुधवार को एक खपरैल मकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें तेजी से (Golmuri Cable Basti Fire) फैलने के कारण घर में रखा घरेलू सामान नहीं बचाया जा सका और काफी सामान जलकर राख हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, मकान से आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। इसके बाद झारखंड अग्निशमन विभाग की एक बड़ी और दो छोटी दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद (Golmuri Cable Basti Fire) आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से आसपास के दूसरे मकानों को इसकी चपेट में आने से बचा लिया गया।
गैस लीकेज से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह गैस लीकेज होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले में जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। अगलगी से हुए नुकसान का आकलन भी किया जाना बाकी है।
आर्थिक रूप से कमजोर हैं शकुंतला देवी
बताया जाता है कि आग से प्रभावित मकान शकुंतला देवी का है। उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण घर में रखा जरूरी सामान जल जाने से परिवार के सामने मुश्किलें बढ़ गई हैं। घरेलू सामान नष्ट होने के बाद रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करना उनके लिए चुनौती बन गया है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से पीड़ित महिला की मदद करने की अपील की है। लोगों की मांग है कि नुकसान का जल्द आकलन कर शकुंतला देवी को नियमानुसार मुआवजा और जरूरी राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए। फिलहाल, आग पर काबू पा लिए जाने से बस्ती के लोगों ने राहत की सांस ली है, लेकिन पीड़ित परिवार को अब प्रशासनिक सहायता का इंतजार है।




