Ranchi (Jharkhand) : दिल्ली में वाहन चोरी के मामलों की जांच कर रही दिल्ली पुलिस ने रांची के कांके इलाके में छापेमारी कर चोरी के छह वाहन बरामद किए हैं। पुलिस ने सुहाना सिटी स्थित समीर अंसारी के आवास से दो महिंद्रा थार और चार मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। हालांकि, गिरोह का कथित मास्टरमाइंड समीर अंसारी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। छापेमारी में कांके पुलिस भी शामिल थी।
किराये पर वाहन लेकर गायब हो जाता था गिरोह
पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य ट्रैवल एजेंसियों से चार पहिया वाहन किराये पर लेते थे और बाद में उन्हें लेकर फरार हो जाते थे। आरोप है कि पिछले करीब आठ महीनों से गिरोह फर्जी आधार कार्ड और पहचान पत्रों का इस्तेमाल कर इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। चोरी के बाद वाहनों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उनकी पहचान छिपाई जाती थी। बाद में इन्हें बेच दिया जाता था या कबाड़ में खपा दिया जाता था।
जीपीएस की मदद से कांके पहुंची दिल्ली पुलिस
गिरोह का पता लगाने के लिए दिल्ली पुलिस ने जीपीएस से लैस एक वाहन को ट्रैवल एजेंसी के माध्यम से किराये पर लगवाया था। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य उस वाहन को भी लेकर फरार हो गए और उसे कांके स्थित समीर अंसारी के आवास पर पहुंचा दिया। जीपीएस से मिली लोकेशन के आधार पर दिल्ली पुलिस ने रांची में छापेमारी की योजना बनाई।
सुबह पांच बजे हुई छापेमारी
वाहन की लोकेशन मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने समीर के घर के आसपास निगरानी शुरू की। इसके बाद सुबह करीब पांच बजे कांके पुलिस के सहयोग से छापेमारी की गई। पुलिस के अनुसार, घर का दरवाजा खटखटाने के बावजूद काफी देर तक नहीं खोला गया। इसी दौरान समीर अंसारी घर के पिछले दरवाजे से निकलकर धान के खेत की ओर भाग गया। पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन उसे पकड़ नहीं सकी।
फर्जी नंबर प्लेट और पासपोर्ट भी बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो थार और चार मोटरसाइकिलों के अलावा फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की हैं। पुलिस का दावा है कि जब्त वाहनों पर दिल्ली के फर्जी नंबर प्लेट लगे हुए थे। इसके साथ ही समीर अंसारी की तस्वीर वाले एक कथित फर्जी पासपोर्ट के मिलने की भी जानकारी सामने आई है। बताया गया है कि पासपोर्ट पर तस्वीर समीर की थी, जबकि नाम किसी दूसरे व्यक्ति का दर्ज था। पुलिस के अनुसार, इसी पासपोर्ट के जरिए वह कथित तौर पर चोरी के पैसों से दुबई भी जा चुका है।
पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, चोरी किए गए वाहनों और उनके ठिकानों का पता लगाने में जुटी है। फरार आरोपी की तलाश भी जारी है।
इसे भी पढ़ें – Jamshedpur Diwali Fair : जमशेदपुर में सिंहभूम चैंबर का दीपावली ट्रेड फेयर 26 अक्टूबर से, महिला उद्यमियों के उत्पादों की होगी बिक्री




