Jamshedpur (Jharkhand) : दीपावली की खरीदारी को खास बनाने और महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से तीन दिवसीय दीपावली ट्रेड फेयर (Jamshedpur Diwali Fair) आयोजित किया जाएगा। 26 से 28 अक्टूबर 2026 तक बिष्टुपुर स्थित चैंबर भवन में लगने वाले इस मेले में शहरवासियों को दीपावली से जुड़े कई तरह के उत्पाद एक ही छत के नीचे खरीदने का अवसर मिलेगा। मेले में प्रवेश निःशुल्क रहेगा और यह प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 8:30 बजे तक खुला रहेगा।
मेले (Jamshedpur Diwali Fair) में कुम्हारों के हाथों से बने मिट्टी के दीये, हस्तनिर्मित मोमबत्तियां, बेडशीट, कुर्ती, गृह सज्जा के सामान, लड्डू गोपाल की पोशाकें और आभूषण सहित कई उत्पाद उपलब्ध होंगे। इस आयोजन के जरिए महिला उद्यमियों और स्थानीय कारोबारियों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने तथा उनकी बिक्री का अवसर मिलेगा।
चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि ट्रेड फेयर का उद्देश्य महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय व्यापार को मजबूती देना है। उन्होंने शहरवासियों से परिवार के साथ मेले में पहुंचकर स्थानीय कारोबारियों और महिला उद्यमियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की।
चैंबर उपाध्यक्ष (ट्रेड एंड कॉमर्स) अनिल मोदी ने कहा कि ऑनलाइन खरीदारी के बढ़ते चलन के बीच स्थानीय बाजारों को प्रोत्साहित करना जरूरी है। इस मेले के माध्यम से लोगों को एक ही स्थान पर विविध उत्पाद मिलेंगे। उन्होंने स्थानीय दुकानदारों और कारीगरों से खरीदारी करने का आग्रह किया।
महासचिव पुनीत कांवटिया ने कहा कि चैंबर व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और उपभोक्ताओं को बेहतर खरीदारी का अवसर देने के लिए प्रयासरत है। यह आयोजन दीपावली के उत्साह के साथ व्यापार और उद्यमिता को भी प्रोत्साहित करेगा।
सचिव (ट्रेड एंड कॉमर्स) भरत मकानी ने कहा कि मेले में पारंपरिक और आकर्षक उत्पादों की उपलब्धता से लोगों को खरीदारी में सुविधा होगी। उन्होंने शहरवासियों से इसमें भाग लेकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
मेले की कोऑर्डिनेटर कार्यसमिति सदस्य सुमन नागेलिया हैं। आयोजन को सफल बनाने में चैंबर उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल, हर्ष बाकरेवाल, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, सचिव विनोद शर्मा, अंशुल रिंगसिया, सुरेश शर्मा और कोषाध्यक्ष अनिल रिंगसिया सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
इसे भी पढ़ें – IFS Officer In Jamshedpur : भारतीय विदेश सेवा के अधिकारी अनिमेष ने जमशेदपुर में DC और SSP से की मुलाकात, जानें क्या है ओशनिया महकमा




