Jamshedpur : झारखंड के जमशेदपुर में मरीन ड्राइव पर तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने सख्ती बढ़ा (Jamshedpur Speed Gun) दी है। मंगलवार को पहली बार स्पीड गन के जरिए वाहनों की गति की जांच की गई। निर्धारित सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाने वाले 100 से ज्यादा वाहनों के ई-चालान काटे गए।
मरीन ड्राइव पर वाहनों के लिए अधिकतम गति सीमा 55 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित (Jamshedpur Speed Gun) की गई है। अभियान के दौरान इससे अधिक रफ्तार में चलने वाले वाहनों की स्पीड गन से पहचान की गई। इसके बाद वाहन के पंजीकरण नंबर के आधार पर ऑनलाइन ई-चालान जारी किया गया। चालकों को मौके पर रोकने के बजाय उनके पंजीकृत पते पर चालान भेजने की कार्रवाई की गई।
ट्रैफिक डीएसपी नीरज के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान बिष्टुपुर ट्रैफिक थाना प्रभारी राकेश कुमार समेत पुलिसकर्मी मौजूद रहे। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, शहर की अलग-अलग सड़कों के लिए अलग-अलग गति सीमा निर्धारित की गई है। एनएच-33 पर अधिकतम 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से वाहन चलाने की अनुमति है। इससे अधिक गति पर यातायात नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
हादसों पर नियंत्रण के लिए सख्ती
मरीन ड्राइव पर तेज रफ्तार के कारण सड़क हादसों की आशंका को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने स्पीड गन से निगरानी शुरू की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कई वाहन चालक निर्धारित सीमा से अधिक गति से वाहन चलाते हैं, जिससे वाहन के अनियंत्रित होने और दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।
ट्रैफिक डीएसपी नीरज ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। शहर के अन्य प्रमुख स्थानों को भी स्पीड गन से जांच के लिए चिन्हित किया गया है।
ट्रैफिक पुलिस प्रमुख सड़कों पर निर्धारित गति सीमा की जानकारी देने वाले बोर्ड लगाने की भी तैयारी कर रही है। आने वाले दिनों में अलग-अलग स्थानों पर नियमित जांच अभियान चलाकर तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें – Jamshedpur Advocate : जमशेदपुर की अधिवक्ता अनुराधा चौधरी का निधन, 30 सितंबर को शोक में न्यायिक कार्य से अलग रहेंगे वकील




