Jamshedpur : साकची थाना क्षेत्र के तमरिया रोड स्थित क्वार्टर में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा (Jamshedpur Theft) कर दिया है। पुलिस ने मामले में सुमित दास उर्फ लंगड़ा को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं। वहीं, पूछताछ में सामने आए दूसरे आरोपी मो. जाफर को कदमा थाना केस में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। उसके पास से भी चोरी के शेष आभूषण बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर की दोपहर क्वार्टर नंबर एल-2/27 में अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर सोना-चांदी के जेवरात समेत अन्य सामान चोरी कर लिया था। पीड़ित सुधांशु आदित्या के बयान पर 8 सितंबर को साकची थाना केस दर्ज किया गया। मामले में बीएनएस की धारा 331(3)/305 के तहत कार्रवाई (Jamshedpur Theft) शुरू की गई।
चोरी के सामान की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर जांच की। इसी क्रम में सुमित दास उर्फ लंगड़ा की संलिप्तता के संबंध में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले।
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में पुलिस के मुताबिक सुमित ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए। पूछताछ के दौरान मो. जाफर की संलिप्तता की जानकारी भी सामने आई। जाफर को कदमा थाना कांड संख्या 98/2026 में गिरफ्तार किया जा चुका है और उसके कब्जे से चोरी के शेष जेवरात बरामद हुए हैं।
गिरफ्तार सुमित दास उर्फ लंगड़ा की उम्र 25 वर्ष है। वह भोला दास का पुत्र है और भुईयाडीह स्थित लकड़ी टाल, बाबा कॉम्प्लेक्स के सामने का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार उसका पूर्व में साकची थाना कांड संख्या 214/2020 और बिष्टुपुर थाना कांड संख्या 08/2025 में भी आपराधिक इतिहास रहा है।
इसे भी पढ़ें – झारखंड में अगले साल अप्रैल-मई में पंचायत चुनाव की तैयारी, ओबीसी आरक्षण के लिए ट्रिपल टेस्ट जरूरी
पुलिस ने सुमित के पास से एक सोने की अंगूठी (7.22 ग्राम), एक जोड़ी सोने का पंजरा/मेहंदी छल्ला (66 ग्राम), एक जोड़ी चांदी की पायल (7.37 ग्राम), एक चांदी की अंगूठी (2 ग्राम) तथा टूटी हुई चांदी की अंगूठी का 1.9 ग्राम का टुकड़ा बरामद किया है। पुलिस ने बरामद जेवरात को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।




