Jamshedpur (Jharkhand) : पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने आम जनता को पुलिस सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार, 9 सितंबर 2026 को ‘जोहार पुलिस’ चैटबॉट (Jamshedpur Police Chatbot) की शुरुआत की। WhatsApp आधारित यह सेवा पुलिस और नागरिकों के बीच संपर्क को आसान बनाने के साथ शिकायतों और जरूरी जानकारियों तक पहुंच को सुगम बनाएगी।
इस सेवा (Jamshedpur Police Chatbot) का लाभ लेने के लिए नागरिकों को WhatsApp नंबर 9471167577 पर केवल “Hi” भेजना होगा। इसके बाद वे चैटबॉट से जुड़कर विभिन्न पुलिस सेवाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
इन सेवाओं का मिलेगा लाभ
‘जोहार पुलिस’ चैटबॉट के माध्यम से खोए हुए मोबाइल की शिकायत, साइबर अपराध से संबंधित जानकारी, यातायात समस्याओं और चालान की जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। इसके अलावा पासपोर्ट सत्यापन, चरित्र प्रमाण पत्र और पुलिस वेरिफिकेशन की स्थिति भी ऑनलाइन देखी जा सकेगी।
चैटबॉट के जरिए पुलिस कार्यालय में दिए गए आवेदन या शिकायत की स्थिति जानने की सुविधा भी उपलब्ध होगी। नागरिक नजदीकी पुलिस स्टेशन की जानकारी, महिला सुरक्षा और ईव-टीजिंग से संबंधित शिकायत, वरिष्ठ नागरिकों की सहायता तथा पुलिस को सुझाव और फीडबैक भी दे सकेंगे।
शिकायत दर्ज कराने पर नागरिक को एक शिकायत संख्या मिलेगी, जिसके माध्यम से वे बाद में अपनी शिकायत की स्थिति जान सकेंगे। शुरुआती चरण में यह सेवा हिंदी और अंग्रेजी भाषा में उपलब्ध है।
पुलिस ने अधिक से अधिक उपयोग की अपील की
पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने आम लोगों से ‘जोहार पुलिस’ चैटबॉट का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, इस पहल से लोगों को छोटी-छोटी सेवाओं के लिए पुलिस कार्यालय जाने की जरूरत कम होगी और शिकायतों व सूचनाओं के आदान-प्रदान में तेजी आएगी।
इसे भी पढ़ें – रघुवर दास ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से की मुलाकात, संताली की ओलचिकी लिपि में पाठ्य सामग्री प्रकाशित करने का आग्रह




