Home > Crime > निखार सबलोक हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता सिंटू सिंह गिरफ्तार, सहारा सिटी में भी पुलिस की दबिश

निखार सबलोक हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता सिंटू सिंह गिरफ्तार, सहारा सिटी में भी पुलिस की दबिश

Jamshedpur (Jharkhand) : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र स्थित होटल टेंथमाइल स्टोन में 24 अगस्त को हुई होटल कारोबारी निखार सबलोक की हत्या (Jamshedpur Nikhar Sablok Murder) के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। चांडिल के तामोलिया स्थित ब्रह्मानंद आशियाना निवासी अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह (40) को सोमवार को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ (Jamshedpur Nikhar Sablok Murder) के बाद मंगलवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

चांडिल के एसडीपीओ ने मंगलवार को प्रेसवार्ता में बताया कि सिंटू सिंह हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता और शूटरों को ठहराने वाला था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बाइक, दो मोबाइल फोन और एक लोडेड देसी पिस्तौल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं।

इससे पहले 2 सितंबर को पुलिस ने हत्याकांड के मास्टरमाइंड अशोक कुमार सिंह उर्फ राघव सहित सुनील राज, रितेश सिंह, सुशील केराई, राजकुमार सिंह उर्फ प्रिंस और अंकित सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। उनके पास से लाल रंग की कार और दो पिस्तौल भी बरामद हुई थीं।

 सहारा सिटी में रात करीब 10 बजे पहुंची संयुक्त टीम

निखार सबलोक हत्याकांड की जांच के सिलसिले में चांडिल और जमशेदपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार रात मानगो स्थित सहारा सिटी में दबिश दी। टीम करीब पांच वाहनों के काफिले के साथ पहुंची थी। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों में से दो को साथ लेकर मेघा ब्लॉक के एक फ्लैट में गई और उनकी निशानदेही पर तलाशी ली।

बताया जा रहा है कि हत्या से पहले मामले से जुड़े कुछ अपराधियों के सहारा सिटी में ठहरने की जानकारी पुलिस को मिली थी। इसी इनपुट के आधार पर संबंधित फ्लैट की तलाशी ली गई। इस दौरान सोसाइटी के सुरक्षाकर्मियों से पूछताछ कर संदिग्ध लोगों के आने-जाने की जानकारी भी जुटाई गई।

72 घंटे की रिमांड पर आरोपियों से पूछताछ

मामले में गिरफ्तार सुनील रजक, रितेश सिंह और शूटर अंकित सिंह को चांडिल पुलिस ने 72 घंटे की रिमांड पर लिया है। तीनों से लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ से हत्या की साजिश, आरोपियों की भूमिका और वारदात से पहले की गतिविधियों से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।

सूत्रों के अनुसार, सहारा सिटी में तलाशी और पूछताछ के दौरान पुलिस को कुछ अहम सुराग मिलने की चर्चा है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अधिकारियों ने मीडिया को जानकारी देने से इनकार करते हुए कहा कि अनुसंधान जारी है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या से पहले सहारा सिटी में कौन-कौन लोग ठहरे थे और उनका निखार सबलोक हत्याकांड से क्या संबंध है। तलाशी पूरी करने के बाद संयुक्त टीम आरोपियों को लेकर वहां से निकल गई।

You may also like
महिंद्रा ने लॉन्च की नई वीरो सीएनजी, डीजल मॉडल भी अपग्रेड; कीमत और फीचर जानें
गुरुदासपुर के दंपती हत्याकांड के आरोपियों की तलाश में जमशेदपुर पहुंची पंजाब पुलिस, टिनप्लेट गुरुद्वारा के पू्र्व प्रधान और उनके भतीजे की तलाश में दबिश
दहेज हत्या मामले में जमशेदपुर कोर्ट का बड़ा फैसला, सास और ननद को उम्रकैद
Jamshedpur Murder: कोवाली में प्रेमिका ने पति संग रची थी साजिश, सुपारी देकर प्रेमी सिकंदर की कराई थी हत्या

Leave a Reply