Jamshedpur (Jharkhand) : जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी (Jamshedpur Women’s University) का दीक्षांत समारोह 8 सितंबर को बिष्टुपुर स्थित एक्सएलआरआई में आयोजित होगा। समारोह के मुख्य अतिथि राज्यपाल संतोष गंगवार होंगे। इस दौरान 2200 छात्राओं को डिग्री प्रदान की जाएगी, जबकि यूजी और पीजी की 53 टॉपर छात्राओं को गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जाएगा। वहीं, पहली बार ओवरऑल टॉपर छात्रा को चांसलर मेडल दिया जाएगा।
यह जानकारी सिदगोड़ा स्थित विश्वविद्यालय (Jamshedpur Women’s University) परिसर के सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुलपति प्रो. इला कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि समारोह दोपहर 12 बजे शुरू होगा और राज्यपाल दोपहर 1:30 बजे तक कार्यक्रम में रहेंगे। इसके बाद वे सर्किट हाउस जाएंगे।
53 छात्राओं को गोल्ड मेडल, दो को मिलेगा रेखा झा मेमोरियल मेडल
कुलपति ने बताया कि एक्सएलआरआई की सीमित सीटिंग क्षमता के कारण एक समय में लगभग 1100 छात्राएं समारोह में बैठेंगी। राज्यपाल के जाने के बाद बाकी छात्राओं को हॉल में बुलाकर डिग्री प्रदान की जाएगी। सभी 2200 छात्राओं को डिग्री मिलना सुनिश्चित किया जाएगा।
इस बार दो छात्राओं को रेखा झा मेमोरियल मेडल से सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें एक-एक लाख रुपये का पुरस्कार भी दिया जाएगा। कुलपति ने बताया कि चांसलर मेडल की शुरुआत छात्राओं में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से की गई है।
गाउन विश्वविद्यालय देगा, अंगवस्त्र छात्राएं घर ले जा सकेंगी
इसे भी पढ़ें –JSSC CGL Scam Jharkhand: जेएसएससी-सीजीएल गड़बड़ी मामले में सीआईडी की कार्रवाई तेज, सचिव से पूछताछ
परीक्षा नियंत्रक डॉ. रमा सुब्रमण्यम ने बताया कि डिग्री प्राप्त करने वाली छात्राओं को विश्वविद्यालय की ओर से गाउन और विश्वविद्यालय के लोगो वाला अंगवस्त्र दिया जाएगा। अंगवस्त्र छात्राएं अपने साथ घर ले जा सकेंगी, जबकि गाउन वापस करना होगा।
नए एक्ट के तहत प्रवेश और विश्वविद्यालय का पुनर्गठन
कुलपति ने बताया कि राज्य सरकार के नए एक्ट के प्रावधानों के अनुसार विश्वविद्यालय में सीनेट, सिंडीकेट, बोर्ड ऑफ स्टडीज और विभागों का पुनर्गठन किया गया है। नए सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया जारी है। विभिन्न विषयों में सीटों का आवंटन भी नए एक्ट के अनुसार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी को शेड्यूल थ्री का दर्जा मिला है। इसके तहत कैंपस में नवाचार, अनुसंधान और कौशल विकास को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि छात्राएं आत्मनिर्भर बन सकें।
नॉलेज इंक्यूबेशन फाउंडेशन की स्थापना
विश्वविद्यालय में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए नॉलेज इंक्यूबेशन फाउंडेशन की स्थापना की गई है। कुलपति के अनुसार, फाउंडेशन के लिए यूनिक आईडी भी प्राप्त कर ली गई है। इसके माध्यम से स्टार्टअप कल्चर विकसित करने और एमएसएमई से जुड़े कार्यों को बढ़ावा देने की योजना है। विश्वविद्यालय में जल्द ही स्किल डेवलपमेंट के नए कोर्स भी शुरू किए जाएंगे।




