Home > Crime > गोविंदपुर में बच्ची की मौत के बाद सात घंटे सड़क जाम, 5 लाख मुआवजे पर बनी सहमति, नो एंट्री भी लगेगी +VDO

गोविंदपुर में बच्ची की मौत के बाद सात घंटे सड़क जाम, 5 लाख मुआवजे पर बनी सहमति, नो एंट्री भी लगेगी +VDO

Jamshedpur : गोविंदपुर के अन्ना चौक के पास शनिवार दोपहर हुए सड़क हादसे में सात वर्षीय बच्ची की मौत के बाद करीब सात घंटे तक सड़क जाम (Jamshedpur News) रहा। हादसे में तीन लोग घायल भी हुए। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने जिला परिषद सदस्य परितोष सिंह के नेतृत्व में सड़क पर प्रदर्शन किया और आवागमन रोक (Jamshedpur News) दिया।

बताया गया कि एसडी पब्लिक स्कूल की बस की चपेट में आने से सात वर्षीय रूही कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में 11 वर्षीय रेहान और 21 वर्षीय रोशन समेत तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

घटना की सूचना मिलने के बाद गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभालने का प्रयास किया। कुछ ही देर में सीओ, बीडीओ और डीएसपी समेत प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर जाम हटाने की कोशिश की, लेकिन लोग अपनी मांगों पर अड़े रहे।

दोपहर करीब डेढ़ बजे शुरू हुआ गतिरोध रात साढ़े आठ बजे तक चला। इस दौरान प्रशासन ने स्कूल प्रबंधन को भी मौके पर बुलाया। बातचीत के बाद स्कूल प्रबंधन मृत बच्ची के परिजनों को 5 लाख रुपये मुआवजा देने पर सहमत हुआ। वहीं, प्रशासन ने गोविंदपुर में नो-एंट्री व्यवस्था लागू करने की मांग पर भी सहमति जताई। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया।

सुबह 6 से रात 11 बजे तक नो-एंट्री की मांग

जिला परिषद सदस्य परितोष सिंह ने बताया कि स्थानीय लोगों की मांग है कि गोविंदपुर में सुबह छह बजे से रात 11 बजे तक भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री लागू की जाए। उनका कहना है कि भारी वाहनों की आवाजाही के कारण क्षेत्र में लगातार सड़क हादसों का खतरा बना रहता है।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस की टीम इलाके का सर्वे करेगी। सर्वे के बाद यह तय किया जाएगा कि गोविंदपुर में किस समय से किस समय तक नो-एंट्री लागू की जानी चाहिए। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इस व्यवस्था से सड़क हादसों पर लगाम लगेगी।

हादसे के बाद करीब सात घंटे तक सड़क जाम रहने से गोविंदपुर में यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

You may also like
हुमा कुरैशी 23 अगस्त को जमशेदपुर में, आइकॉनिक बिजनेस अवार्ड्स 2026 में होंगी मुख्य अतिथि+ VDO
मानगो सड़क हादसे में घायल कपाली के युवक की रिम्स में मौत, ट्रक चालक के खिलाफ FIR
NIT जमशेदपुर स्टूडेंट्स काउंसिल में 50 प्रतिशत सीटें छात्राओं के लिए आरक्षित
स्वतंत्रता दिवस पर लौहनगरी में सुबह 6 से रात 11 बजे तक नहीं दौड़ेंगी बड़ी व्यवसायिक गाडियां, रहेगी नो एंट्री

Leave a Reply