Jamshedpur (Jharkhand ) : मानगो नगर निगम क्षेत्र में होल्डिंग टैक्स में 15 से 20 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी के खिलाफ भाजपा (Jamshedpur BJP Protest) ने कड़ा विरोध जताया है। शनिवार को भाजपा नेताओं ने उपायुक्त के नाम ज्ञापन सौंपकर इस निर्णय को जनविरोधी बताते हुए तत्काल वापस लेने की मांग की।
भाजपा मानगो मंडल अध्यक्ष विनोद राय और उलीडीह मंडल अध्यक्ष रविन्द्र सिंह के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में (Jamshedpur BJP Protest) कहा गया कि राज्य सरकार की नई टैक्स गणना व्यवस्था आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है। इसका असर मानगो के हजारों परिवारों पर पड़ेगा, जिनमें फ्लैट निवासी, मकान मालिक, छोटे दुकानदार, शोरूम संचालक और मध्यम वर्गीय व्यवसायी शामिल हैं।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि मानगो क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की हालत बेहद खराब है। पानी की कमी, जर्जर सड़कें, साफ-सफाई की बदहाल स्थिति और ड्रेनेज की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। ऐसे में टैक्स बढ़ाना पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं में सुधार नहीं होता, तब तक किसी भी प्रकार की टैक्स वृद्धि स्वीकार्य नहीं होगी।
भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि झामुमो-कांग्रेस सरकार लगातार जनविरोधी फैसले ले रही है। एक ओर जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है, वहीं दूसरी ओर टैक्स बढ़ाकर उस पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द फैसला वापस नहीं लिया तो भाजपा व्यापक जनआंदोलन करेगी।
वहीं, व्यावसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक नीरज सिंह ने मानगो में बढ़ते जल संकट को गंभीर बताते हुए कहा कि गर्मी के साथ स्थिति और विकराल हो गई है। लोग पानी के लिए परेशान हैं और इसका असर आम जनजीवन के साथ बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है। इसके बावजूद पानी के बिल में बढ़ोतरी लोगों पर दोहरी मार है।
भाजपा ने अपनी मांगों में स्पष्ट किया कि होल्डिंग टैक्स बढ़ोतरी को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए। साथ ही, जब तक पानी, सड़क, साफ-सफाई और ड्रेनेज जैसी सुविधाओं में सुधार नहीं होता, तब तक कोई नई टैक्स वृद्धि लागू न की जाए। इसके अलावा, जनता से जुड़े निर्णय लेने से पहले स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से व्यापक परामर्श किया जाए।
इसे भी पढ़ें – झारखंड में 46 IPS अधिकारियों का तबादला, ललित कुमार मीणा बने जमशेदपुर के सिटी एसपी
इस मौके पर भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने इस फैसले के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाई।




