Jamshedpur (Jharkhand) : झारखंड के सरकारी एवं गैर-सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों (Jamshedpur Education) में शैक्षणिक सत्र 2025-26 की वार्षिक परीक्षाएं मार्च 2026 में आयोजित की जाएंगी। शिक्षा विभाग ने परीक्षा कार्यक्रम और दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार कक्षा 1 से कक्षा 7 तक की परीक्षाएं 11 मार्च से 14 मार्च 2026 के बीच दो पालियों में संपन्न होंगी। परीक्षा का समय सुबह 9:30 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।
विभागीय निर्देशों के मुताबिक, कक्षा 1 और 2 के विद्यार्थियों की परीक्षा मौखिक रूप में होगी, जबकि कक्षा 3 से 7 तक लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें वस्तुनिष्ठ, लघु उत्तरीय और दीर्घ उत्तरीय प्रश्न शामिल (Jamshedpur Education ) रहेंगे।
अंकों के निर्धारण की बात करें तो कक्षा 3 से 5 और कक्षा 6 से 7 तक प्रत्येक विषय 60 अंकों का होगा। वहीं कक्षा 6 और 7 में गणित, विज्ञान व सामाजिक विज्ञान के लिए 50 अंक लिखित परीक्षा और 10 अंक परियोजना कार्य के लिए तय किए गए हैं।
यह परीक्षा राज्य के सभी सरकारी, अल्पसंख्यक सहायता प्राप्त विद्यालय, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, मॉडल स्कूल और आवासीय विद्यालयों में आयोजित होगी। प्रश्नपत्र-सह-उत्तरपुस्तिका जेसीईआरटी द्वारा सॉफ्ट कॉपी में जिलों को भेजी जाएगी, जबकि छपाई का काम जिला स्तर पर किया जाएगा।
मूल्यांकन कार्य 16 से 20 मार्च 2026 तक विद्यालय स्तर पर पूरा किया जाएगा और 25 मार्च तक परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। साथ ही 28 मार्च 2026 तक ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर परिणाम अपलोड करना अनिवार्य होगा।
इसे भी पढ़ें – दलमा में पर्यटन को बढ़ावा: पांच नई जंगल सफारी की शुरुआत, 30 दो मंजिला कॉटेज भी बनेंगे+VDO
परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए जिला शिक्षा अधीक्षक को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। जिला और प्रखंड स्तर पर निगरानी की विशेष व्यवस्था भी की गई है, ताकि पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखा जा सके।



