Jamshedpur : झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) की वार्षिक माध्यमिक (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) बोर्ड परीक्षाएं 3 फरवरी से 23 फरवरी 2026 तक आयोजित (JAC Board Exams In Jamshedpur ) की जाएंगी। जिले में परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचार मुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारी कर ली है। इस वर्ष कुल 39,643 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
इनमें 10वीं बोर्ड के 21,301 छात्र-छात्राएं शामिल हैं, जिनके लिए 67 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। वहीं इंटरमीडिएट में कुल 18,342 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे, जिसमें कला संकाय के 10,183, विज्ञान के 4,657 और वाणिज्य के 3,502 विद्यार्थी शामिल हैं। इंटर की परीक्षा (JAC Board Exams In Jamshedpur ) 34 केंद्रों पर आयोजित होगी।
परीक्षा अवधि के दौरान सभी केंद्रों के 100 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू रहेगी। परीक्षा हॉल में मोबाइल फोन सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। सभी परीक्षार्थियों को निर्धारित समय से 30 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य किया गया है।
माध्यमिक परीक्षा पहली पाली में सुबह 9:45 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक होगी, जबकि इंटरमीडिएट परीक्षा दूसरी पाली में दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। घाटशिला अनुमंडल में 23 और धालभूम अनुमंडल में 44, कुल 67 मैट्रिक केंद्र बनाए गए हैं। वहीं इंटर के लिए घाटशिला में 12 और धालभूम में 22 केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में सिदगोड़ा टाउन हॉल में केंद्राधीक्षकों, मजिस्ट्रेटों और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नकल करते पकड़े जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा के दौरान स्टैटिक और पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट तथा पुलिस बल की तैनाती रहेगी
इसे भी पढ़ें – मैक्सीजोन टच निवेश घोटाला: 6000 करोड़ की ठगी में फिल्मी सितारों समेत 9 पर एफआईआर, निदेशक दंपती जेल में
सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। साथ ही छात्रों के लिए पेयजल, पर्याप्त रोशनी, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रश्नपत्र और उत्तरपुस्तिकाओं की समय पर आपूर्ति के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। प्रशासन का लक्ष्य है कि झारखंड में यह परीक्षा पूरी पारदर्शिता और अनुशासन के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हो।




