Jamshedpur : जमशेदपुर में वीर बाल दिवस (Jamshedpur Veer Bal Divas) के अवसर पर सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी के छोटे साहिबजादों बाबा अजीत सिंह, बाबा जुझार सिंह, बाबा जोरावर सिंह एवं बाबा फतेह सिंह की अद्वितीय शहादत को नमन करते हुए भाजपा जमशेदपुर महानगर के तत्वावधान में साकची स्थित भाजपा कार्यालय में चित्र प्रदर्शनी सह विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।
(Jamshedpur Veer Bal Divas) कार्यक्रम का उद्देश्य शहीद साहिबजादों के बलिदान को स्मरण कर युवाओं में देशभक्ति, त्याग और साहस की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। आयोजन में साहिबजादों के जीवन, संघर्ष और बलिदान से जुड़े चित्र प्रदर्शित किए गए। वक्ताओं ने उनके आदर्शों को भारतीय इतिहास का गौरवपूर्ण अध्याय बताते हुए समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद एवं झारखंड भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता गीता कोड़ा बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहीं। हालांकि, आयोजन के दौरान भाजपा के सिख नेता चंचल भाटिया ने कड़ा विरोध जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के भीतर सिख नेताओं की अनदेखी की जा रही है और कार्यक्रम में गैर-सिखों को प्राथमिकता दी गई।
इसे भी पढ़ें – मनरेगा बहाल करने की कांग्रेसियों ने की मांग, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश का केंद्र पर हमला+VDO
चंचल भाटिया ने मंच से विरोध दर्ज कराते हुए भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के पद से इस्तीफे की घोषणा कर दी। उन्होंने कहा कि वे आगे भी पार्टी के लिए कार्य करते रहेंगे, लेकिन इस मुद्दे को पार्टी के आला नेताओं तक पहुंचाएंगे। स्थिति को संभालने के लिए गीता कोड़ा और भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा सहित अन्य नेताओं ने प्रयास किए, लेकिन विरोध शांत नहीं हो सका। इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।




