Jamshedpur : घाटशिला विधानसभा उपचुनाव (Ghatshila By-Election)में मंगलवार को मतदान शांति और उत्साह के साथ संपन्न हो गया। कुल 300 बूथों पर 2,56,352 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। JMM के उम्मीदवार सोमेश सोरेन और भाजपा के उम्मीदवार बाबूलाल सोरेन की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई है। मतदान समाप्त होने के बाद सभी EVM को सील कर कड़ी सुरक्षा के बीच जमशेदपुर कोऑपरेटिव कॉलेज स्थित स्ट्रांग रूम में भेजा गया। वोटों की गिनती 14 नवंबर सुबह 8 बजे से होगी।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह उपायुक्त ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अब तक 74.63% मतदान दर्ज किया गया है। मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही। तीन EVM को रिप्लेस किया गया, जबकि मतदान के दौरान नियमों के उल्लंघन को लेकर दो व्यक्तियों पर एफआईआर दर्ज की गई।
Ghatshila By-Election में मतदान के दौरान बूथों पर मतदाताओं का उत्साह देखने को मिला। ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह से ही लंबी कतारें नजर आईं, वहीं कई मतदाताओं ने कहा कि वे विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं को ध्यान में रखकर वोट कर रहे हैं।
चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए 10 कंपनियां केंद्रीय सुरक्षा बल (CAPF) तैनात की गईं। सभी 300 मतदान केंद्रों पर CCTV के माध्यम से लाइव मॉनिटरिंग की गई। ग्रामीण एसपी ने कहा कि पुलिस की कोशिश है कि चुनाव निष्पक्ष और बेदाग रहे।
इसे भी पढ़ें – Ghatshila By-election 2025: भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन का AI जनित फर्जी पोस्ट फेसबुक पर वायरल, मजिस्ट्रेट ने दर्ज कराई FIR
इसी बीच, झामुमो प्रत्याशी सोमेश सोरेन ने विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर मतदाताओं से अपील की कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए अधिक से अधिक मतदान करें। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक मतदान में भाग लिया।
कड़ी सुरक्षा एवं पारदर्शी व्यवस्था के बीच घाटशिला उपचुनाव की वोटिंग प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी है और अब सभी की नजरें 14 नवंबर के परिणामों पर टिकी हुई हैं।




