जमशेदपुर: घाटशिला विधानसभा सीट पर उपचुनाव (Ghatshila By-election) की तारीखों का औपचारिक ऐलान हो गया है। भारत निर्वाचन आयोग ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर झारखंड की इस महत्वपूर्ण सीट पर उपचुनाव की पूरी रूपरेखा जारी की। इसके बाद जमशेदपुर डीसी आफिस में डीसी कर्ण सत्यार्थी ने प्रेस कांफ्रेंस कर इन तारीखों का दोबारा एलान कर दिया। एक पत्रकार वार्ता घाटशिला में भी हुई और एसडीओ ने चुनाव की रूपरेखा बताने के बाद सियासी दलों से अपील की कि वह आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होने के 72 घंटे के अंदर प्रचार सामग्री हटा लें वरना कार्रवाई से नहीं बच पाएंगे।
आयोग के मुताबिक, घाटशिला (Ghatshila) विधानसभा क्षेत्र में 11 नवंबर, मंगलवार को मतदान (Ghatshila By-election) कराया जाएगा, जबकि 14 नवंबर, शुक्रवार को मतगणना (Counting) होगी। इसी दिन घाटशिला को नया विधायक मिल जाएगा। संपूर्ण चुनावी प्रक्रिया 16 नवंबर, रविवार तक पूरी कर ली जाएगी।
यह उपचुनाव घाटशिला के झामुमो विधायक रामदास सोरेन (Ramdas Soren) के निधन के बाद हो रहा है, जिससे यह सीट रिक्त हो गई थी। निर्वाचन आयोग ने बताया कि अधिसूचना 13 अक्टूबर को जारी की जाएगी, जिसे पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी जारी करेंगे। अधिसूचना जारी होते ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 21 अक्टूबर, जांच 22 अक्टूबर और नामांकन वापसी की अंतिम तिथि 24 अक्टूबर तय की गई है। प्रशासन को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी चुनाव कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इसे भी पढ़ें – घाटशिला उपचुनाव : 2,55,823 मतदाता चुनेंगे नया विधायक, जमशेदपुर में अंतिम वोटर लिस्ट जारी -VDO
राजनीतिक दृष्टि से यह सीट झारखंड की आदिवासी बहुल और प्रभावशाली विधानसभा सीटों में से एक मानी जाती है। सूत्रों के मुताबिक, झामुमो से पूर्व विधायक रामदास सोरेन के बेटे सोमेश सोरेन को टिकट मिलना लगभग तय है। वहीं, भाजपा से पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के बेटे बाबूलाल के नाम की चर्चा तेज़ है, हालांकि पार्टी में टिकट के लिए कई दावेदार मैदान में हैं।घाटशिला उपचुनाव की तारीख तय, 11 नवंबर को मतदान और 14 नवंबर को मतगणना, झामुमो-भाजपा में टिकट को लेकर बढ़ी राजनीतिक हलचल।




