जमशेदपुर : टाटा स्टील प्रबंधन (Jamshedpur Wire Division) और टाटा वायर इम्प्लॉइज यूनियन के बीच 28 अगस्त 2025 को वार्षिक बोनस भुगतान समझौते पर हस्ताक्षर हुए। यह समझौता वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए किया गया है।
दोनों पक्षों ने सहमति जताई कि वित्तीय वर्ष 2023-24 से टाटा वर्कर्स यूनियन, जमशेदपुर के साथ हुए वार्षिक बोनस समझौते को स्वीकार कर लागू किया जाएगा। इसी आधार पर वायर डिवीजन (Jamshedpur Wire Division) के पात्र कर्मचारियों को भी बोनस दिया जाएगा।
वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए बोनस का निर्धारण कंपनी के भारत परिचालन से शुद्ध लाभ, उत्पादकता और सुरक्षा प्रदर्शन पर आधारित होगा। इस बार अधिकतम 20 प्रतिशत तक बोनस योग्य वेतन पर बोनस भुगतान किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें – टाटा मोटर्स कम्यूनिटी सर्विसेज में हुआ बोनस समझौता, यूनियन पदाधिकारियों का जोरदार स्वागत
कंपनी के शुद्ध लाभ, उत्पादकता और सुरक्षा मानकों के आधार पर कुल 272.83 करोड़ रुपये बोनस की राशि निर्धारित की गई। यूनियन के सहयोग आश्वासन को देखते हुए प्रबंधन ने इसमें 30.30 करोड़ रुपये और जोड़े। इस तरह कुल बोनस राशि 303.13 करोड़ रुपये हो गई।
जमशेदपुर वायर डिवीजन के 422 कर्मचारियों को कुल 2 करोड़ रुपये बोनस भुगतान किया जाएगा।
कर्मचारियों को न्यूनतम 30,581 रुपये और अधिकतम 79,099 रुपये तक बोनस मिलेगा।




