न्यूज़ बी रिपोर्टर, रांचीः कोरोना संक्रमण को देखते हुए इस बार चैंबर का चुनाव तीन चरणों में कराया जा रहा है। 26, 27 व 28 सितंबर तीन दिन चैंबर के लगभग 3500 सदस्य नए कार्यकारिणी के चयन के लिए वोट डालेंगे। चैंबर के इतिहास में ये पहली बार हो रहा है कि चैंबर का चुनाव में मतदान तीन दिन होगा। ये जानकारी चैंबर चुनाव के पदाधिकारी ललित केडिया ने रविवार को आयोजित प्रेसवार्ता में दी। उन्होंने बताया कि संक्रमण को देखते हुए मतदान चैंबर भवन के तीन तल्लों पर आयोजित किया जाएगा। मतदान सुबह 10 बजे से शाम पांच तक चलेगा। सरकार के द्वारा जारी कोविड गाइडलाइन का चुनाव में सख्ती से पालन किया जाएगा।
एक फ्लोर पर होंगे केवल 15 लोगः
कोरोना संक्रमण को देखते हुए इस बार एक समय में एक प्लोर पर केवल 15 लोग ही रहेंगे। इसमें से पांच मतदान कराने वाले, पांच मतदान करने वाले और पांच मतदान करने के इंतजार में खड़े लोग। मतदाताओं को सीरियल नंबर के हिसाब से मतदान के लिए शार्ट लिस्ट किया जाएगा। पहले दिन 1 से हजार सीरियल नंबर वाले चैंबर सदस्य मतदान करेंगे। इसके अगले दिन 1 हजार से 2 हजार सीरियल नंबर वाले व अंतिम दिन बाकी बचे सदस्य वोट डालेंगे। वोटों की गिनती 29 सितंबर को होगी। चैंबर के बाहर प्रचार संबंधित किसी प्रकार के बैनर-पोस्टर नहीं लगाए जाएंगे। प्रत्याशी वन टू वन चुनाव प्रचार कर सकते हैं।
छह रिजन वाइस प्रेसिडेंट चुने जाएंगे निर्विरोधः
ललित केडिया ने बताया कि चैंबर चुनाव में छह रिजन वाइस प्रेसिडेंट का भी चुनाव कराया जाता है। इसके लिए हर रिजन से केवल एक नामांकन हुआ है। ऐसे में सभी सदस्य निर्विरोध चुने गए हैं। चैंबर छह रिजन में बंटा है। कोल्हान प्रमंडल, साउथ छोटानागपुर, नार्थ छोटानागपुर, कोयलांचल, संथाल परगना और पलामू शामिल है।
