Jamshedpur (Jharkhand) : उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात में जमशेदपुर के चर्चित अपराधी विक्रम शर्मा (Jamshedpur Don Vikram Sharma Murder) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना शहर के व्यस्त राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मॉल के पास हुई, जहां अज्ञात हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाया।
गौरतलब है कि सहस्रधारा रोड स्थित ग्रीन व्यू निवासी विक्रम शर्मा काशीपुर में स्टोन क्रशर और प्रॉपर्टी का कारोबार (Jamshedpur Don Vikram Sharma) करता था। वह रोज की तरह सुबह जिम से बाहर निकला ही था कि पहले से घात लगाए हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि उसके पास लाइसेंसी पिस्टल भी थी, लेकिन हमलावरों ने उसे संभलने का मौका तक नहीं दिया। घटना के बाद हमलावर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। विशेष टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
जमशेदपुर में जुर्म का बड़ा नाम था विक्रम शर्मा
विक्रम शर्मा मूल रूप से झारखंड के जमशेदपुर का रहने वाला था और कभी शहर में अपराध की दुनिया का बड़ा चेहरा माना जाता था। उसका नाम कुख्यात गैंगस्टर अखिलेश सिंह के साथ जोड़ा जाता रहा है। कहा जाता है कि दोनों ने मिलकर शहर में रंगदारी, हत्या और फायरिंग की कई वारदातों को अंजाम दिया।
जमशेदपुर के चर्चित आशीष डे हत्याकांड में भी विक्रम शर्मा का नाम सामने आया था। 2 नवंबर 2007 को श्री लेदर ग्रुप के मालिक आशीष डे की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में विक्रम शर्मा पर साजिश रचने का आरोप लगा था। घटना के बाद वह फरार हो गया था और बाद में देहरादून से गिरफ्तार किया गया।
करीब तीन साल जेल में रहने के बाद उसे हाई कोर्ट से जमानत मिली। 9 जून 2022 को अदालत ने साक्ष्यों के अभाव में उसे बरी कर दिया था, जबकि अन्य आरोपियों को सजा सुनाई गई थी।
जयराम सिंह हत्याकांड में भी आया था नाम
विक्रम शर्मा का नाम 4 अक्टूबर 2008 को साकची स्थित बागे जमशेद के पास हुई टाटा स्टील के पूर्व सुरक्षा पदाधिकारी जयराम सिंह की हत्या में भी सामने आया था। इस मामले में भी पुलिस ने अखिलेश सिंह के साथ उसे आरोपी बनाया था।
इसे भी पढ़ें – झारखंड मुक्ति मोर्चा ने नगर निकाय चुनाव के लिए समर्थित प्रत्याशियों की सूची जारी की जानें कौन कहां से बना उम्मीदवार
विक्रम शर्मा से जुड़ी प्रमुख घटनाएं
* 2 नवंबर 2007 – साकची में आशीष डे की हत्या
* 15 मार्च 2008 – रवि चौरसिया पर फायरिंग
* 20 मार्च 2008 – पूर्व जज आरपी रवि पर फायरिंग
* 16 मई 2008 – श्री लेदर मालिक के घर पर फायरिंग
* 25 जुलाई 2008 – बिष्टुपुर में कांग्रेसी नेता नट्टू झा के कार्यालय पर फायरिंग
* 17 अगस्त 2008 – बर्मामाइंस में सत्येंद्र सिंह के ससुराल पर फायरिंग
* 28 अगस्त 2008 – ठेकेदार रणजीत सिंह पर फायरिंग
* 17 सितंबर 2008 – एमजीएम अस्पताल मोड़ पर परमजीत सिंह पर फायरिंग
* 4 अक्टूबर 2008 – जयराम सिंह की हत्या
* 2008 – बिष्टुपुर में ट्रांसपोर्टर अशोक शर्मा की हत्या
देहरादून में हुई इस हत्या के बाद झारखंड खासकर जमशेदपुर के अपराध जगत में हलचल मच गई है। पुलिस इस हत्याकांड के पीछे आपसी रंजिश, पुरानी दुश्मनी या कारोबारी विवाद के एंगल से जांच कर रही है।




