Jamshedpur (Jharkhand) : भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर टी20 विश्व कप का खिताब (Team India World Champion) अपने नाम कर लिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों विभागों में दमदार खेल दिखाया। इस जीत के साथ भारत ने लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतते हुए कुल तीसरी बार विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। देशभर के साथ झारखंड में भी क्रिकेट प्रेमियों ने टीम इंडिया की इस जीत पर जमकर जश्न मनाया।
भारत ने बनाया 255 रनों का विशाल स्कोर
फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम (Team India World Champion ) ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की शुरुआत काफी तेज रही और शुरुआती ओवरों से ही बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज अपनाया।
अभिषेक शर्मा ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए महज 21 गेंदों में 52 रन बनाए और सिर्फ 18 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद संजू सैमसन ने भी शानदार पारी खेली। उन्होंने 33 गेंदों में अर्धशतक जमाते हुए कुल 89 रन बनाए और टीम के स्कोर को तेजी से आगे बढ़ाया।
वहीं ईशान किशन ने भी विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 23 गेंदों में 54 रन की तेज पारी खेली। अंतिम ओवरों में शिवम दूबे ने मात्र 8 गेंदों में 26 रन बनाकर भारत के स्कोर को 255 तक पहुंचा दिया।
159 रन पर सिमटी न्यूजीलैंड टीम
256 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। शुरुआती ओवरों में ही टीम ने अपने महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए, जिससे दबाव लगातार बढ़ता चला गया।
न्यूजीलैंड की ओर से टिम सेफर्ट ने 26 गेंदों में 52 रन बनाकर संघर्ष करने की कोशिश की। वहीं कप्तान मिचेल सैंटनर ने 43 रन की पारी खेली। हालांकि अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके और पूरी टीम 19 ओवर में 159 रन पर ऑल आउट हो गई।
भारतीय गेंदबाजों ने दिखाया दम
भारतीय गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को मैच में वापसी का कोई मौका नहीं दिया। जसप्रीत बुमराह ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके और विपक्षी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। अक्षर पटेल ने 3 विकेट हासिल कर न्यूजीलैंड की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इसके अलावा हार्दिक पांड्या और वरुण चक्रवर्ती को भी एक-एक विकेट मिला।
इसे भी पढ़ें – राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कथित अपमान पर जमशेदपुर में भाजपा का प्रदर्शन, ममता बनर्जी का पुतला दहन
देशभर में जश्न, झारखंड में भी खुशी की लहर
टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत के बाद देशभर में जश्न का माहौल देखने को मिला। झारखंड सहित कई राज्यों में क्रिकेट प्रेमियों ने आतिशबाजी कर और मिठाई बांटकर भारत की जीत का जश्न मनाया।
