Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले में पर्यटन को नई पहचान देने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल शुरू (Seraikela News) कर दी है। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पर्यटन संवर्धन कार्यकारिणी समिति की बैठक (Seraikela News) आयोजित की गई। बैठक में जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों के विकास, पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और स्वीकृत योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर विस्तार से चर्चा हुई।
Seraikela News: इन प्रस्तावों की हुई समीक्षा
बैठक में सीतारामपुर डैम, सतनाला डैम, डोबो, राजनगर स्थित श्री श्री जगन्नाथ महाप्रभु मंदिर, भीमखंडा और सरायकेला के श्मशान काली मंदिर समेत अन्य पर्यटन स्थलों पर बोटिंग, संपर्क सड़क, घाट और सीढ़ियों का निर्माण, रेलिंग, वॉल पेंटिंग, साइनेज, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास से जुड़े प्रस्तावों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को सभी योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण और समय पर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया गया। खरसावां छऊ महोत्सव और जायदा पर्यटन मेला को पर्यटन विभाग की श्रेणी-‘बी’ में शामिल करने के लिए जिला स्तरीय समिति द्वारा स्थल निरीक्षण कर निर्धारित मानकों के आधार पर रिपोर्ट तैयार करने का निर्णय लिया गया।
आकर्षणी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वीकृत विद्युत व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित विभाग को सभी कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप शीघ्र पूरा करने का निर्देश देते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा।
बैठक में बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में बने टेनिस, बास्केटबॉल और वॉलीबॉल कोर्ट के बेहतर उपयोग पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने जिला खेल पदाधिकारी और जिला शिक्षा पदाधिकारी को समन्वय बनाकर विद्यालयों के विद्यार्थियों की नियमित भागीदारी सुनिश्चित करने, प्रशिक्षण गतिविधियों को बढ़ावा देने और खेल अधोसंरचना का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए।
Seraikela News: जिले में खुलेंगे चार नए डे -बोर्डिंग खेल प्रशिक्षण केंद्र
जिला खेल पदाधिकारी ने बताया कि जिले में चार नए डे-बोर्डिंग खेल प्रशिक्षण केंद्र खोलने का प्रस्ताव पहले ही विभाग को भेजा जा चुका है। इस पर उपायुक्त ने प्रस्ताव को दोबारा विभाग को भेजने, नियमित अनुश्रवण करने और जल्द स्वीकृति के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, आदित्यपुर नगर निगम के नगर आयुक्त एजाज अनवर, जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार सहित पर्यटन संवर्धन कार्यकारिणी समिति के सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




