Jamshedpur : साकची बाजार में अब फुटपाथ दुकानें (Sakchi Footpath Shops Closed) नहीं लगेंगी। दुकानदारों के बीच आपसी मारपीट और लगातार बढ़ते विवाद के बाद साकची थाना पुलिस ने यह सख्त फैसला लिया है। झंडा चौक और उसके आसपास के इलाके में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस जवानों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी फुटपाथ दुकानदार दुकान (Sakchi Footpath Shops Closed)न लगा सके।
पुलिस तैनाती के बाद कई फुटपाथी दुकानदार दुकान लगाने पहुंचे, लेकिन पुलिस कर्मियों ने सभी को वहां से लौटा दिया। पुलिस का कहना है कि किसी भी तरह की अनहोनी से बचने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।
फुटपाथ दुकानें नहीं लगने से साकची बाजार में भीड़ कम हो गई है और आवागमन सुचारू रूप से चल रहा है। हालांकि, इसका सीधा असर फुटपाथ दुकानदारों की रोजी-रोटी पर पड़ा है। कई ग्राहक रोजमर्रा की खरीदारी के लिए बाजार आए लेकिन दुकानें बंद देखकर वापस लौट गए।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले झंडा चौक पर दुकान लगाने को लेकर फुटपाथ दुकानदारों और सैरात दुकानदारों के बीच विवाद हुआ था। जगह को लेकर हुए इस विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया था। मामला थाने तक पहुंचा, जहां पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया था, लेकिन इसके बावजूद विवाद थम नहीं सका।
स्थिति लगातार बिगड़ती देख पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। प्रशासनिक स्तर पर निर्णय लिया गया कि झंडा चौक और आसपास के क्षेत्र में फिलहाल फुटपाथ दुकानें नहीं लगेंगी। इसके लिए पुलिस की स्थायी तैनाती भी की गई है।
आला अधिकारियों तक पहुंचा मामला
दुकानदारों के बीच हुए झगड़े की शिकायत आला प्रशासनिक अधिकारियों तक की गई थी। इसके बाद ही यह फैसला लिया गया कि साकची बाजार में फुटपाथ दुकानों पर रोक लगाई जाए। साकची थाना पुलिस को मौके पर तैनात कर आदेश का सख्ती से पालन कराया जा रहा है।
सैरात बाजार होने का उठाया जा रहा मुद्दा
साकची एक सैरात बाजार है, जहां सरकारी दुकानें किराए पर दी गई हैं। सैराती दुकानदार लंबे समय से फुटपाथ दुकानों का विरोध करते रहे हैं। उनका कहना है कि फुटपाथ दुकानों के कारण पक्की दुकानों के कारोबार पर असर पड़ता है। सस्ता सामान मिलने के कारण ग्राहक फुटपाथ दुकानों से अधिक खरीदारी करते हैं, जिससे उन्हें नुकसान होता है।
इसे भी पढ़ें – नेशनल प्राइड मोमेंट में पूनम ढिल्लन ने शहीद परिवारों व पूर्व सैनिकों को किया सम्मानित, गोलमुरी में भव्य आयोजन
विवाद सुलझने के बाद खुलेगा बाजार
जमशेदपुर शिक्षित बेरोजगार मंगला हाट दुकानदार संघ के अध्यक्ष शाही आदिल ने कहा है कि जैसे ही दुकानदार आपसी विवाद सुलझा लेंगे और स्थिति सामान्य होगी, फुटपाथ बाजार को फिर से लगाने पर विचार किया जाएगा। फिलहाल शांति और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।




