Home > Jamshedpur > मानगो फ्लाईओवर की नई डिजाइन तैयार, 15 दिन के अंदर होगा पिलर का सर्वे, सर्किट हाउस में स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने की बैठक

मानगो फ्लाईओवर की नई डिजाइन तैयार, 15 दिन के अंदर होगा पिलर का सर्वे, सर्किट हाउस में स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने की बैठक

न्यूज़ बी रिपोर्टर, जमशेदपुर: मानगो फ्लाईओवर की नई डिजाइन तैयार हो गई है। इस डिजाइन पर टाटा स्टील और पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों की सहमति बन गई है। अब 15 दिन के अंदर फ्लाईओवर के पिलर का सर्वे किया जाएगा। पिलर कहां-कहां से उठेंगे इसे लेकर सर्वे होगा। सर्वे के मिट्टी की टेस्टिंग की जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने सोमवार को सर्किट हाउस में बैठक की। इस बैठक में पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों के अलावा जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र के विशेष अधिकारी संजय कुमार, मानगो नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी सुरेश यादव और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। एडीएम एनके लाल भी थे। स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने बताया कि मानगो फ्लाईओवर का निर्माण कार्य शुरू होने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। डिजाइन तैयार होने के बाद सर्वे और फाइल टेस्ट होगा। इसके बाद, इसका टेंडर निकाला जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि डिमना रोड पर एक फ्लाईओवर स्वर्णरेखा फ्लैट के पास से उठेगा। दूसरा फ्लाईओवर ब्लूबेल्स स्कूल के पास से उठेगा। एक और फ्लाईओवर न्यू पुरुलिया रोड पर हनुमान मंदिर के पास से उठाया जाएगा। एक फ्लाईओवर साकची की तरफ से गांधी घाट के पास से उठाया जाएगा। डिमना रोड की तरफ से आने वाला फ्लाई ओवर हनुमान मंदिर के पास से उठे फ्लाईओवर में मिलकर एमजीएम अस्पताल के पास गिरेगा।
गोविंदपुर फ्लाईओवर का भी तैयार होगा नक्शा
गोविंदपुर में फ्लाईओवर का काम ठंडे बस्ते में पड़ा हुआ है। यहां जो पुरानी डिजाइन बनी थी। उसमें कई लोगों के घर टूट रहे हैं। इसलिए, इसका विरोध हो रहा है। स्वास्थ मंत्री बन्ना गुप्ता ने पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों से इस संबंध में बात की और वहां फ्लाईओवर का नया नक्शा और डिजाइन तैयार करने के निर्देश दिए। पथ निर्माण विभाग अभी गोविंदपुर में नए फ्लाई ओवर की नई डिजाइन तैयार करेगा। स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने बताया कि गोविंदपुर इलाके के लोगों ने उनसे संपर्क कर कहा है कि पुरानी डिजाइन पर अगर फ्लाईओवर बना तो उनकी कई दुकानें और मकान ध्वस्त हो जाएंगे। इसलिए, नई डिजाइन तैयार कराई जाए। स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 31 जनवरी को जमशेदपुर आकर जुगसलाई के फ्लाईओवर का उद्घाटन करेंगे। इसे लेकर जुगसलाई के फ्लाईओवर के पास पैवर्स ब्लॉक कर इसका सुंदरीकरण किया जाना है। साथ ही इस पर स्ट्रीट लाइट लगाई जानी है। स्वास्थ्य मंत्री ने स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए टाटा स्टील के अधिकारियों से भी बात की।